सांसद के दरबार में समस्याओं का लगा अंबार
- लोगों को अपनी समस्या बताने के लिए छीनना पड़ा माइक
- सांसद किरण खेर ने भी डिप्टी मेयर के हाथ से खींचा माइक
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। सांसद किरण खेर के मनीमाजरा में लगे जनता दरबार में लोगों ने इलाके की समस्या का अंबार लगा दिया। लोगों ने सड़क बनाने से लेकर बिजली-पानी तक का मुद्दा उठाया। कुछ लोग अपने मकानों को नियमित करवाने तो कुछ मकानों की एनओसी न मिलने की समस्या लेकर पहुंचे थे।
अव्यवस्था का आलम यह था कि लोग सांसद के मंच तक पहुंच गए। लोगों ने सांसद को अपनी समस्या बताने के लिए मंच को चारों ओर से घेर लिया। लोगों ने अपनी-अपनी समस्या बताने के लिए एक-दूसरे के हाथों से माइक छीनना शुरू कर दिया। इसे देखते हुए भाजपा नेता व हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी सहदेव सलारिया को स्टेज से उठकर लोगों के बीच जाकर माइक संभालना पड़ा। उन्होंने फिर एक-एक कर लोगों को माइक पकड़ाया और बोलने का मौका दिया। यहीं नहीं, लोगों की समस्या पर जब विनोद अग्रवाल ही जवाब दे रहे थे, तो उनके साथ बैठी सांसद ने हाथ से माइक खींच कर कहा कि लोगों के काम करने हैं तो करने है। लोगों को उलझन में मत डालो।
यह जनता दरबार वार्ड नंबर 26 के पार्षद व नगर निगम के डिप्टी मेयर विनोद अग्रवाल ने लगवाया था, लेकिन दरबार वार्ड 25 में शिवालिक गार्डन के पार्किंग स्थल के अंदर लगाया गया। इसके चलते बहुत सारे लोग वार्ड 25 के अपनी समस्या लेकर पहुंच गए। इसे देखकर एक बार सांसद किरण खेर को भी बोलना पड़ा कि दरबार वार्ड नंबर 26 का है या 25 का। इसमें वार्ड 25 के सोहन सिंह ने शांति नगर की गली नंबर 6 को पिछले दो महीने से खोदे जाने की समस्या उठाई। सांसद ने अधिकारियों को पूछ कर इसे बनाने की बात कही। वार्ड नंबर 26 से राजेश सिंगला ने कम्युनिटी सेंटर और खेल का मैदान बनाने का मुद्दा रखा। सांसद ने इसे बनाने का आश्वासन दिया। बैंक कालोनी पिपली वाला के लोगों ने पानी की पुरानी पाइप लाइन बदलने का मुद्दा उठाया। इसे किरण खेर ने अपने फंड से बदलने के आदेश दे दिए हैं। अरविंद दुबे ने एरिया की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को मुद्दा उठाया।
एचएचओ की तारीफ
किरण खेर ने सांसद दरबार में मनीमाजरा के एचएचओ रणजीत सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने एसएचओ को अपनी कार्यप्रणाली के बारे में बताने के लिए मंच पर बुलाकर माइक भी दिया। सांसद ने कहा कि आप शहरवासियों को फख्र होना चाहिए कि ऐसा निडर एसएचओ है, जोकि शहर से क्राइम कम करने में पूरा सहयोग कर रहा है। लोगों को भी एसएचओ का सहयोग करना चाहिए।