शहीदों की कुर्बानी का हर हाल में लिया जाएगा बदला : पात्रा
भारत देश तपोभूमि है, इसके तप से शत्रुओं का हुआ है विनाश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों से रूबरू होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा किए गए विकास के कार्यों को उनके समक्ष रखने के लिए सेक्टर 37 के लॉ भवन में प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। डॉ. पात्रा ने पुलवामा में पाकिस्तान की कायराना हरकत का जिक्र करते हुए कहा कि देश के अंदर पाकिस्तान को लेकर काफी रोष है। पीएम मोदी ने भी देश के रोष को देखते हुए देश की जनता के साथ वादा किया है कि शहीदों की शहादत बेकार नहीं जाएगी, बदला लिया जाएगा।
डॉ. पात्रा ने कहा कि वर्ष 2013 से पहले देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी। उस समय हमारे देश को कमजोर श्रेणी में रखा गया था, लेकिन आज हालात विपरीत हैं। देश की जीडीपी वर्ष 2013 के बाद से लेकर अब तक 7.4 औसत रही और जबकि महंगाई दर 4.2 औसत रही है। पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। बिचोलियों का बोलबाला था जबकि मोदी सरकार ने आते ही देश के अंदर भ्रष्टाचार को खतम करने के लिए 2 महत्वपूर्ण निर्णय, नोटबंदी और जीएसटी को लागू किया। इससे काले धन पर तो अंकुश लगा ही और साथ में देश की अर्थव्यवस्था में बढ़ोतरी हुई।
उन्होंने कहा कि आज गरीबों के लिए सरकार ने विभिन्न योजनाएं जैसे कि आयुष्मान भारत, जन-धन योजना, आवास योजना, कौशल विकास योजना, स्वच्छ भारत योजना, किसानों और मजदूरों के लिए छ हजार प्रति वर्ष पेंशन योजना, उज्जवला भारत योजना आदि को शुरू किया।
प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि भाजपा लोगों के सुझावों को लेकर अपना घोषणापत्र तैयार करने जा रही हैै। सांसद किरण खेर ने भी कहा कि उन्होंने संसद में शहरवासियों के हितों के लिए सदा अपनी आवाज उठाई और यह परिणाम है कि शहर में भी मेडिकल की सीटों में बढ़ोतरी हुई। बीजेपी के मीडिया इंचार्ज रविन्द्र पठानिया ने बताया कि पुलवामा में शहीद हुए देश के 40 जवानों को 2 मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में शहर के डॉक्टर, इंजीनियर, अध्यापक, वैज्ञानिक, सीए, वकील, रिटायर्ड आईएस, आईपीएस, व्यापारी, उद्योगपति, बैंकिंग आदि आदि क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने इसमें भाग लिया।