केजरीवाल, यशवंत व शत्रुघ्न सिन्हा आज चंडीगढ़ में, करेंगे रैली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज चंडीगढ़ में आप के प्रत्याशी हरमोहन धवन के पक्ष में रैली करेंगे। वह करीब डेढ़ बजे सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड में पहुंचेंगे। रैली में भाजपा सांसद बिहारी बाबू यानी शत्रुघ्न सिन्हा, पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के साथ भगवंत मान सहित कई अन्य नेता मौजूद रहेंगे। चंडीगढ़ में अरविंद केजरीवाल की यह पहली रैली है। इससे पहले वह साल 2014 में गुल पनाग के पक्ष में चंडीगढ़ में एक रोड शो करने आए थे। हालांकि पंजाब में वह अक्सर आते रहते हैं। इस दौरान वे चंडीगढ़ भी आते रहे हैं लेकिन रैली पहली बार कर रहे हैं। आप के सूत्रों ने बताया कि रैली के लिए 150 से ज्यादा बसें जुटाई गईं हैं, जो लोगों को रैली स्थल तक लेकर आएंगी। आप का दावा है कि इसमें सिर्फ चंडीगढ़ के लोग ही हिस्सा लेंगे। रैली में करीब दस हजार से ज्यादा लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है।