10 करोड़ से नए साल में रोशन होंगे साईकिल ट्रैक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शहर में साइकिल ट्रैक्स को बेहतर बनाने की कवायद प्रशासन ने शुरू कर दी है। नए साल में इलेक्ट्रिक विभाग ट्रैक पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगवाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए इलेक्ट्रिकल विंग ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। यह लाइट 15 वॉट से 18 वॉट तक की होंगी। चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद का कहना है कि साइकिल ट्रैक पर अंधेरे के चलते यह प्रोजेक्ट शुरू किया जाए रहा है। वर्ष 2019 के अंत तक इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा। इसकी कुल लागत दस करोड़ के करीब बताई जा रही है।
- केबल होंगे अंडरग्राउंड
स्ट्रीट लाइट्स भी इस तरह से लगाई जाएंगी जिससे किसी भी साईकिल चलाने वाले को परेशानी न हो। इसके लिए स्ट्रीट लाइट्स को कनेक्ट करने वाली केबल को अंडरग्राउंड रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन के इलेक्ट्रिकल डिविजन की ओर से सुखना लेक से लेकर मध्य मार्ग तक के साइकिल ट्रैक में स्ट्रीट लाइट्स लगाने का काम शुरू किया जाएगा।
- साइकिल ट्रैक पर नहीं है स्ट्रीट लाइट
शहर की साइकिलिंग की कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए तेजी से साइकिल ट्रैक तो बना रहा है। लेकिन अंधेरा होते ही लोग इन ट्रैक्स का इस्तेमाल करना बंद कर देते हैं। जिसकी वजह है कि साइकिल ट्रैक्स तो बन गए। लेकिन यहां प्रशासन स्ट्रीट लाइट्स लगाना भूल गया। हादसे न हों इससे बचने के लिए साइकिलिस्ट ट्रैक्स से दूरी बनाए रहते हैं।