फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नो पार्किंग में जुर्माना करने की कार्रवाई में फर्क

विज्ञापन
विज्ञापन
शहर एक, वायलेशन एक, लेकिन कार्रवाई में भारी फर्क
विज्ञापन

नगर निगम द्वारा जब्त किए वाहन छुड़वाने के लिए ऑन द स्पॉट की सुविधा नहीं
नगर निगम से चालान भुगतने के लिए छूटते हैं ज्यादा पसीने
पुलिस द्वारा क्लंप लगाने पर जुर्माना 300 जबकि निगम फिर भी लेता है 1500
ट्रैफिक पुलिस जिस वाहन को टो करके उठा ले जाती है उसका जुर्माना है 1300
राजेश ढल्ल
चंडीगढ़। शहर एक, वायलेशन एक लेकिन कार्रवाई करने पर जुर्माने की राशि में भारी फर्क। जी हां ऐसा इस समय नो पार्किंग एरिया में वाहन खड़े करने वालों को झेलना पड़ रहा है। नगर निगम की ओर से जब्त किए हुए वाहनों को रिलीज करवाने में एक तो परेशानी ज्यादा झेलनी पड़ रही है वहीं जुर्माना भी ज्यादा अदा करना पड़ रहा है। नगर निगम जो वाहन जब्त कर रहा है उसमें ऑन द स्पॉट जुर्माना करने की सुविधा नहीं है जबकि ट्रैफिक पुलिस मौके पर ही जुर्माना अदा करने की सुविधा देती है।
ट्रैफिक पुलिस अगर नो पार्किंग से वाहन टो करके अपने स्टोर ले जाती है तो चालक से 1300 रुपये का जुर्माना लिया जाता है, लेकिन अगर ट्रैफिक पुलिस सड़क किनारे खड़ी कार के टायर पर क्लंप लगाती है और चालक मौके पर आकर शीशे पर चिपके दिए नंबर पर फोन करके पुलिस को बुलाता है तो जुर्माना 300 रुपये लिया जाता है। चालक को एक हजार रुपये की छूट दे दी जाती है क्योंकि पुलिस उस कार को टोइंग वाहन से उठाकर ले जाती है तो 1300 रुपये का जुर्माना लिया जाता है।
विज्ञापन

यह सुविधा नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते द्वारा उठाए गए वाहनों के चालकों को नहीं दी जाती है। नगर निगम की ओर से कार को रिलीज करने का फिक्स जुर्माना 1500 रुपये रखा है जो ट्रैफिक पुलिस से ज्यादा है। नगर निगम की ओर से कार के टायर पर सिर्फ क्लंप लगाने पर भी 1500 रुपये का जुर्माना लिया जाता है। नगर निगम के अनुसार जुर्माना की राशि 500 जबकि एक हजार रुपये रिमूवल खर्च है।
नगर निगम ने टोइंग करने के लिए वाहन किराए पर लिया है। एक वाहन को उठाने के बदले में 500 रुपये का भुगतान किया जाता है। ऐसे में लोगों का कहना है जिन वाहनों के टायरों पर क्लंप लगाए जाते हैं और उन्हें टोइंग वाहन द्वारा उठाकर स्टोर नहीं ले जाया जाता है उन पर जो जुर्माने के अलावा एक हजार रुपये उठाने का खर्च लिया जा रहा है वह ट्रैफिक पुलिस की तरह नहीं लिया जाना चाहिए। नगर निगम द्वारा कार उठाने पर इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में भी नहीं दी जाती है जिस कारण लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है।

बॉक्स
ऑन द स्पॉट जुर्माना अदा करने की सुविधा जल्द : ज्वाइंट कमिश्नर
ज्वाइंट कमिश्नर तेजदीप सैनी का कहना है कि ऑन द स्पॉट जुर्माना अदा करने की सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए कैशलेस जुर्माने का भुगतान करने की सुविधा दी जाएगी। कार को जब्त करने का जुर्माना 500 ही है, लेकिन एक हजार रुपये रिमूवल खर्चा शामिल है। इनमें तैनात किए गए स्टाफ का खर्चा और वाहन खड़ा करने से जो बर्म और पेवर ब्लाक को नुकसान हो रहा है उसका भी खर्चा शामिल किया जाता है।

बॉक्स
पेड पार्किंग के बोर्ड नहीं लगे
नगर निगम की ओर से सरकारी खाली पड़े ग्राउंड में पार्क वाहन जब्त किए जा रहे हैं। जबकि वहां पर नो पार्किंग के कोई बोर्ड नहीं लगे हैं। इस कारण लोगों को पता नहीं लगता था कि कौन सी नो पार्किंग है। सेक्टर-40 ए की आरडब्ल्यूए के महासचिव विनय सिंह का कहना है कि खाली पड़े मैदान में पार्किंग से कोई दिक्कत नहीं आ रही फिर भी नगर निगम यहां से गाड़ियां उठाकर सिर्फ पेड पार्किंग चलाने वालों को फेवर कर रहा है। वहीं ज्वाइंट कमिश्नर तेजदीप सैनी का कहना है कि कमिश्नर के माध्यम से चीफ इंजीनियर को पत्र भेजा गया है। इसमें पार्किंग डिस्पले बोर्ड लगाने के अलावा मैदानों की चारों तरफ से फेसिंग करने के लिए कहा गया है। इस समय नगर निगम ने सेक्टर-17 के सर्कस ग्राउंड और सेक्टर-34 के प्रदर्शनी ग्राउंड में पार्क वाहनों को उठाने का अभियान चलाया है।

बॉक्स
निगम में आकर भुगतना पड़ता है चालान
इस समय जब्त वाहनों को छुड़वाने और टायरों से क्लंप हटवाने के लिए चालक को सेक्टर-17 नगर निगम कार्यालय आना पड़ता है। चालक को किराए पर टैक्सी करके या अपने किसी जानकार को बुलाकर नगर निगम पहुंचना पड़ता है। यहां से चालान की पर्ची मिलती है। इसका लाइन में खड़े होकर भुगतान करना पड़ता है और फिर मौके पर पहुंचकर सब इंस्पेक्टर को जुर्माने के भुगतान करने की रसीद दिखानी पड़ती है। फिर चालक को अपना वाहन मिलता है।
विज्ञापन


बॉक्स
रिकार्ड तोड़ वाहन हुए जब्त
पिछले हफ्ते में नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने सेक्टर-17, 22 और 34 से अब तक 658 कारें और दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। ये सभी वाहन नो पार्किंग और सरकारी ग्राउंड में पार्क थे। सोमवार से फिर नो पार्किंग में खड़े वाहन उठाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। शनिवार और रविवार को कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें