दशहरे के अवसर पर इस बार पंचकूला में 171 फीट ऊंचे रावण का दहन 12 रिमोट प्वाइंट से किया जाएगा। शालीमार गार्डन में रावण का पुतला खड़ा भी कर दिया गया है। यह जानकारी श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट (दशहरा कमेटी) और श्री आदर्श रामलीला ड्रामाटिक क्लब की ओर से पत्रकारवार्ता में दी गई। यह आयोजन सेक्टर-5 स्थित एक निजी होटल में किया गया।
श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट (दशहरा कमेटी) के चेयरमैन विष्णु गोयल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी दशहरे का आयोजन पहले से भी भव्य तरीके से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले 22 और 23 अक्तूबर को सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
22 अक्तूबर को शाम को 6 से 9 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम में इंद्र चहल पहुंचेंगे। 23 अक्तूबर को पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने गायक और कलाकार कर्मजीत अनमोल पहुंचेंगे। विष्णु गोयल ने बताया कि रावण में ईको फ्रेंडली पटाखों का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि वायु प्रदूषण न हो। एहतियात के तौर पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी आयोजन स्थल पर मौजूद रहेंगी।