3 भुक्की, 410 ग्राम गांजा, एक कट्टा और 3 कारतूस बरामद
31 टीमों में 93 पुलिसकर्मी अभियान में रहे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर में 31 टीमों में शामिल 93 पुलिसकर्मियों ने ऑपरेशन आक्रमण के तहत 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से तीन किलाे भुक्की, 410 ग्राम गांजा, एक कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए हैं। डीसीपी हिमाद्रि कौशिक ने बताया कि जिले में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। ऑपरेशन की शुरुआत सुबह की गई। पुलिस उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक ने सभी क्राइम ब्रांच, थाना प्रभारियों व चौकी इंचार्ज को ऑपरेशन आक्रमण को सफल बनाने के लिए टीम बनाकर पूरी तत्परता, समर्पण एवं सजगता से संदिग्ध स्थानों और व्यक्तियों पर रेड कर कार्रवाई के आदेश दिए थे।
अभियान शुरू करने से पहले पुलिस ने 31 टीमों का गठन किया। इसके बाद ही 93 पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर छापे मारे। कार्रवाई में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दाैरान आबकारी अधिनियम के तहत 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जुआ अधिनियम के तहत 3 आरोपियों को पकड़ा गया और कुल 4420 रुपये बरामद किए। एनडीपीएस अधिनियम के तहत 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 3 किलो भुक्की और 410 ग्राम गांजा बरामद किया गया। शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज कर एक कट्टा व 3 कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।