अपने पसंदीदा क्षेत्र को चुनकर समाज व देश को आगे ले जाएं विद्यार्थी : डॉ. राकेश
- पेक में उद्योग संस्थान सहभागिता सप्ताह का आयोजन
- विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सिखाया एयरक्राफ्ट सिस्टम को संचालित करना
फोटो---
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) के एयरोस्पेस विभाग की ओर से उद्योग संस्थान सहभागिता सप्ताह के अंतर्गत वीरवार को सेमिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि विभिन्न औद्योगिक और अनुसंधान एयरोस्पेस संगठनों में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकर विद्यार्थी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि के क्षेत्र चुनकर उसी दिशा में काम करने की सलाह देते हुए समाज व देश के लिए काम करने का आह्वान किया।
एचएएल केपूर्व निदेशक योगेश कुमार ने छात्रों को एयरक्राफ्ट सिस्टम, इवोल्यूशन, स्टेटस और इमर्जिंग ट्रेंड्स के बारे में बताया। उन्होंने एलसीए-तेजस विमान के डिजाइन और उत्पादन के दौरान अपने अनुभव और चुनौतियों को साझा किया। उन्होंने कहा, भारतीय विमान उद्योग के लिए एक उत्पाद नहीं बल्कि एक क्रांति थी। दीपक लेखी ने एयरबर्थनेस प्रक्रिया पर बात की। उन्होंने कहा कि आरसीएमए द्वारा विभिन्न वाहनों का नियमित रूप से परीक्षण करके उड़ान वाहनों और प्रणालियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के माध्यम से सुरक्षा का अत्यधिक महत्व है। स्वदेशीकरण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। डॉ. नरेश कुमार ने हथियार प्रणाली, मिसाइल रक्षा प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस क्षेत्र में अनुसंधान और कैरियर को आगे बढ़ाया जा सकता है। कानपुर से आए डॉ. डेविड कुमार ने माइक्रो व्हीकल्स व नैनो एयर व्हीकल्स के बारे में बताया। डॉ. आरबी शर्मा ने भी विचार रखे।