28 फरवरी से पहले चंडीगढ़ आएंगे पीएम मोदी, देंगे कई सौगातें
सबहेड
प्रधानमंत्री के आने से पहले हालात का जायजा लेने आएंगे गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कार्यक्रम लगभग तय
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 28 फरवरी से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शहरवासियों को विकास की दर्जनों सौगातें देने शहर आ सकते हैं। सूत्रों की मानें तो लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले प्रधानमंत्री मोदी का चंडीगढ़ आना तय है। उनका कार्यक्रम 20 से 28 फरवरी के बीच कभी भी लग सकता है। जानकारी के मुताबिक, पीएम के आने से पहले यहां के हालातों का जायजा लेने गृहमंत्री राजनाथ सिंह चंडीगढ़ आएंगे। हाल ही में गृहमंत्री को भाजपा संकल्प पत्र कमेटी का प्रमुख बनाया गया था। गृहमंत्री के आगमन के बाद ही प्रशासनिक स्तर पर पीएम के दौरे की पूरी रूपरेखा तय होगी। यूटी प्रशासन ने एक माह पूर्व ही उन सभी प्रोजेक्टों की जानकारी पीएमओ को भेज दी है, जिनका उद्घाटन या शिलान्यास पीएम मोदी से करवाना है।
बीते दिसंबर माह से पीएम मोदी के दौरे के लेकर अटकलों का दौर जारी है लेकिन सूत्रों की मानें तो यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने पिछले महीने जालंधर के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में मोदी को चंडीगढ़ आने का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है, इसलिए पीएम का सिटी ब्यूटीफुल आना भी तय माना जा रहा है। कभी भी पीएमओ की ओर से पीएम के आने की डेट यूटी प्रशासन को मिल सकती है।
मोदी पीजीआई में रखेंगे न्यूरो साइंस सेंटर की नींव पत्थर
पीजीआई में 495.31 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 300 बेड के न्यूरो साइंस सेंटर के नीव का पत्थर रखेंगे। यह सेंटर शहर के आस पास हजारों की संख्या में लोगों को राहत देगा। इसमें न्यूरो सर्जरी और न्यूरोलॉजी के मरीजों लिए अलग ओटी, आईसीयू और वार्डों की सुविधा होगी। इसके अलावा मोदी पीजीआई की न्यू ओपीडी के पास बन रहे 250 बेड के अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन के लिए तीन नए स्पोर्ट्स कांपलेक्स तैयार
यूटी स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट को जल्द ही तीन नए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स मिलने जा रहे हैं। सेक्टर-38, 52 और 56 में कांप्लेक्स बनकर पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। पीएमओ को जो लिस्ट भेजी गई है उसमें तीन स्पोर्ट्स कांपलेक्स का भी उल्लेख है। मोदी के हाथों ही इन तीनों स्पोर्ट्स कांपलेक्स का उद्घाटन कराने की योजना है। इन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बैडमिंटन कोर्ट, स्क्वैश कोर्ट, टेबल टेनिस कोर्ट, मल्टीपर्पज हॉल और स्विमिंग पूल बनाए गए हैं।
मलोया में चुनिंदा आवंटियों को सौंपेंगे फ्लैट्स की चाबी
शहर में गरीबी रेखा से नीचे (ईडब्ल्यूएस) कोटे के 4960 लोगों को मलोया में पुनर्वास योजना के तहत फ्लैट मिलने हैं ये सभी फ्लैट ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के हैं। पीएम मोदी के हाथों योजना के तहत चुने गए कुछ खास लोगों को फ्लैट्स की चाबी दिलाई जाएगी। पुनर्वास योजना के तहत आवंटियों को फ्लैट्स का कब्जा दिया जाएगा। बायोमीट्रिक सर्वे के बाद सभी लाभार्थियों के नाम पहले ही चुने जा चुके हैं।
फ्लाईओवर का भी कर सकते हैं शिलान्यास
ट्रिब्यून चौक पर फ्लाईओवर डेढ़ किलोमीटर का फ्लाईओवर बनना है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ट्रिब्यून चौक पर बनने वाले फ्लाईओवर के लिए 386 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री चंडीगढ़ दौरे के दौरान नरेंद्र मोदी फ्लाईओवर का शिलान्यास कर सकते हैं।