चंडीगढ़ गोल्फ क्लब पर 10 हजार रुपये जुर्माना
खाने की घटिया गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर प्रशासन ने की कार्रवाई
डीसी मनदीप बराड़ ने शहर के सात रेस्तरां पर भी खाने में कमियां मिलने पर जुर्माना लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। डिप्टी कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ ने चंडीगढ़ गोल्फ क्लब पर बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं पाए मिलने पर चंडीगढ़ प्रशासन ने 10,000 रुपये जुर्माना लगाया है।
इसके अलावा डीसी ने शहर के सात रेस्तरां पर भी खाने में कमियां मिलने पर जुर्माना लगाया है। यहां खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने पिछले एक महीने के दौरान छापे मारे थे। सूत्रों की मानें तो स्वास्थ्य विभाग ने जुलाई 2018 में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत गोल्फ क्लब का निरीक्षण किया था। वहीं, अन्य पर रेस्तरां पर जांच के बाद कार्रवाई की बात कही जा रही है।
लोगों की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लबों, होटलों और रेस्तरां में बनाये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए कहा था, जिसके बाद एक टीम गठित कर गोल्फ क्लब में छापा मारा गया। गोल्फ क्लब में खाने की गुणवत्ता में घटिया मिली थी।
उधर, गोल्फ क्लब के अध्यक्ष बीएस गिल ने कहा कि भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई है, लेकिन खाद्य अधिकारियों की ओर से कुछ कमियों की ओर ही ध्यान दिया गया है, जिसका हम भविष्य में ध्यान रखेंगे।