सड़क किनारे वाहन पार्क किया तो होगा चालान
एसएसपी ट्रैफिक ने मनीमाजरा की सड़कों को खाली करने के लिए बनाई टीम
पहले ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा, फिर शुरू होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। ट्रैफिक पुलिस शहर में सड़क के किनारे पार्क होने वाली गाड़ियों का चालान करेगी। इलाके की सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ट्रैफिक एसएसपी शशांक आनंद की ओर से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की अलग से टीम बनाकर मनीमाजरा में तैनात कर दी है।
एसएसपी का कहना है कि पहले चरण में टीम लोगों को सड़कों पर गाड़ियां न खड़ी करने की अपील करते हुए ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करेगी। इसके बाद सड़क पर पार्क होने वाली गाड़ियों का चालान करने से साथ वाहनों को जब्त किया जाएगा।
मनीमाजरा की सड़कों पर खड़ी गाड़ियों की स्थिति खुद एसएसपी शशांक आनंद से देखी है। उन्होंने मनीमाजरा में नरेंद्र मोदी टीम के सुशील जैन की ओर से रखे कार्यक्रम में सीधे तौर पर लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग ट्रैफिक नियमों को पालन करें और सड़कों से अपनी गाड़ियां हटाएं।
उन्होंने बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग करने वालों की फोटो खींच कर ट्रैफिक व्हाट्सएप नंबर 9779580985 पर भेजने की अपील भी की है। ट्रैफिक व्हाट्सएप नंबर पर कोई भी व्यक्ति ट्रैफिक नियम की उल्लंघना करने वालों की फोटो और जगह डाल सकता है। एसएसपी ने कहा कि फोटो डालने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और नियम तोड़ने वाले का चालान कर उसके घर भेजा जाएगा।