अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट की खस्ताहाल संबंधी केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू को पत्र लिखने के बाद आखिर गमाडा के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। वीवार को पंजाब हाउसिंग एंड अर्बन डिपार्टमेंट की सचिव विन्नी महाजन ने सेक्टर-88 स्थित पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट का दौरा किया। उनके साथ गमाडा के सीए, चीफ इंजीनियर समेत तमाम अधिकारी थे। उन्होंने करीब तीन घंटे अलॉटियों संग बिताए। उनकी समस्याओं को जाना। साथ ही उनकी समस्याओं को पहल के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कुछ अधिकारियों को लताड़ भी लगाई। वहीं, इसके बाद अब पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट के अलॉटियों ने पुडा भवन का घेराव करने का फैसला टाल दिया है।
जानकारी के मुताबिक, इस दौरान विन्नी महाजन ने पूरे प्रोजेक्ट का दौरा किया। उन्होंने प्रत्येक चीज को बारीकी से देखा। उन्होंने लोगों के गुस्से को शांत करवाया। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि गमाडा ने दिसंबर 2011 में स्कीम लांच की थी। इसके मुताबिक 36 महीनों में प्रोजेक्ट पूरा होना था। लेकिन अभी तक यह सिरे नहीं चढ़ पाया है। इसके चलते लोगों को काफी मुसीबत उठानी पड़ रही है। इसके अलावा लोगों ने बताया कि स्कीम के समय जो ले-आउट गमाडा ने दिखाया था उसमें भी बिना बताए बदलाव कर दिए है। अब उसकी लुक ही बदल गई है। यह किसी हॉस्टल की तरह नजर आता है। जिससे प्रोजेक्ट की सूरत ही पूरी तरह से बदल गई थी। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग निर्माण में गमाडा ने जो मैटीरियल लगाने का वादा किया था उसे भी पूरा नहीं किया है। इसके अलावा अलॉटियों ने अपनी सारी समस्याएं उन्हें बताई। इस दौरान विन्नी महाजन ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याएं तुरंत सुलझाने को कहा है। वहीं, अब एसीए गमाडा संदीप हंस को अब प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी दी गई। जिक्रयोग है कि पहले यह मामला राज्य के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह तक पहुंचा था। इस दौरान उन्होंने गमाडा अधिकारियों को समस्याएं पहल के आधार पर हल करने को कहा था।
जल्द ही अलॉटियों को मिलेगी वाई-फाई की सुविधा
इस मौके विन्नी महाजन ने बताया कि जल्द ही पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट को अलॉटियों को वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। इसके लिए गमाडा की एक नामी कंपनी से डील चल रही है। यह सुविधा गमाडा की अलॉटियों के तोहफा रहेगी।
तीस दिसंबर तक पूरा होगा काम
विन्नी महाजन ने पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट्स के अलाटियों का विश्वास दिलाया है कि तीस सितंबर तक प्रोजेक्ट का सारा काम पूरा कर लिया जाएगा। लोगों को किसी भी प्रकार की मुश्किल नही उठानी पड़ेगी। उन्होंने गमाडा अपने अलॉटियों को कभी परेशान नहीं देख सकता है।