नकली घी, तेल, अवैध शराब और सिलेंडर जब्त
- हरियाणा में तीसरे दिन भी जारी रही सीएम उड़नदस्ते की छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा में ‘सुदर्शन चक्र’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री के उड़नदस्ते टीमाें की छापेमारी वीरवार को भी जारी रही। विशेष दलों ने 750 स्थानों पर छापे मारकर 384 मामले दर्ज किए। जबकि प्रदेश में तीन दिनों के दौरान विभिन्न स्थानों से 355 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीआईडी चीफ अनिल कुमार राव ने बताया कि यह अभियान मिलावटी और जाली वस्तुओं के निर्माण, अवैध शराब और अवैध कार्यों में लगे लोगों पर अंकुश लगाने के लिए संचालित किया गया। उन्होंने कहा कि छापों के दौरान 7.50 करोड़ के मिलावटी घी, पॉम आयल, सरसों तेल और सोया तेल बरामद किया गया व 515 एलपीजी सिलेंडर जब्त किये गए। इस प्रकार बियर, विदेशी व देसी शराब की 144758 बोतलें बरामद की गईं। उन्होंने कहा कि 255 वाहनों को जब्त किया गया, एक सरकारी नौकर को गिरफ्तार किया गया और 14 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि छापे की कार्यवाही के दौरान बिजली चोरी के 56 मामलों का भी पता लगाया गया और 11 डॉक्टरों को बिना दस्तावेजों के प्रैक्टिस करते हुए पाया गया।