जनता पर बोझ, पर फैसला लेने वालों को छूट
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 19 जून से शहरवासियों पर पार्किंग शुल्क का बोझ पड़ रहा है। इसके तीन माह बाद स्मार्ट पार्किंग बनने पर घंटों के हिसाब से कई गुना रेट चार्ज किया जाएगा, लेकिन जिन अधिकारियों और पार्षदों ने पार्किंग शुल्क बढ़ाने का फैसला लिया है उन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। पार्षदों और अधिकारियों के निजी वाहन पूरी तरह से निशुल्क पार्क होंगे। इन्हें निशुल्क पार्किंग पास जारी किए जाएंगे।
पार्षदों को एक दो नहीं बल्कि 7-7 पास जारी किए जाएंगे। दो पार्षदों के नाम से और पांच कॉम्पलीमेंट्री पास शामिल हैं। लेकिन पिछले एक साल से पार्किंगें खाली होने के कारण यह निशुल्क पास जारी नहीं किए जा रहे थे।
मेयर को 100 और पार्षदों को मिलते हैं सात पास
अब तक नगर निगम में मेयर को 100, कमिश्नर को पांच और पार्षदों को सात वाहनों के निशुल्क पार्किंग पास मिलते हैं। अतिरिक्त कमिश्नर को दो पास की सुविधा दी गई है। मेयर और पार्षदों को जो कॉम्पलीमेंट्री पास दिए जाते रहे हैं वे अपने समर्थकों और जानकारों को बांट देते हैं। वीआईपी लोगों में इन्हें लेने की हर साल होड़ रहती है। यह पास एक साल तक वैध होता है। यहां तक कि पूर्व पार्षदों को भी हर साल एक एक निशुल्क पार्किंग पास दिए जाते हैं।
मेयर नहीं लेंगी 100 पास
मेयर आशा जसवाल का कहना है वे अपने कोटे के 100 पास नहीं लेंगी। वे सिर्फ दो ही पार्षद वाले पास लेंगी, क्योंकि उनके पास दो ही कारें हैं। पार्षद भी अपनी निजी वाहनों के अलावा बाकी बचे पासों को अपनी इच्छा से छोड़ सकते हैं। पिछले साल भी तत्कालीन मेयर अरुण सूद ने 100 कॉम्पलीमेंट्री पास नहीं लिए थे।
कंपनी से जारी करवाने होंगे
इस बार नगर निगम पास प्रिंट नहीं करवाएगा। जिन जिन के लिए नगर निगम को निशुल्क पार्किंग पास चाहिए उनके वाहनों की सूची आर्य इंफ्रा कंपनी को भेजनी होगी क्योंकि स्मार्ट पार्किंग में जो सिस्टम लगाए जा रहे हैं उसमें जब तक वाहन का नंबर नहीं होगा तो प्रवेश द्वार का गेट ही नहीं खुलेगा। जितने पास बनवाने के लिए नगर निगम कंपनी को सिफारिश करेगा उसका चार्ज कंपनी निगम से करेगा। आर्य इंफ्रा कंपनी ने शहर की पेड पार्किग और मल्टीलेवल चलाने का ठेका 14 करोड़ 76 लाख में लिया है। फासवेक के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि पार्किंग रेट बढ़ाना किस तरह से महसूस होता है, यह पार्षदों को भी महसूस कराना चाहिए।