पंचकूला। बुधवार कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पहुंचे। वे भाजपा ऑफिस में सदस्यता अभियान में लोगों को जोड़ने के लिए आए थे। विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के लिए वह लोगों को सदस्यता ग्रहण करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विस चुुनाव में भाजपा 75 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं को एक ही बात कहते हैं सदा सक्रिय रहो, सदा सचेत रहो। खेल मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकर्ता कभी बैरकों में नहीं जाते। वह तो हमेशा पार्टी के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर वक्त तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह का आंकलन कभी गलत नहीं हुआ। इस बार भी उन्होंने कहा है कि 75 सीट पर हरियाणा में बीजेपी जीतेगी। इसलिए भाजपा हरियाणा विधानसभा में कुल 90 में से 75 से भी ज्यादा सीटें लेने का संकल्प लेकर चुनाव में उतरी है।
सरकारी अस्पतालों में एडहॉक पर भर्ती किए जाएंगे डॉक्टर्स
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं पर सुधार किया जा रहा है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के लिए जल्द ही होमगार्ड्स उपलब्ध करवाए जाएंगे। अनिल विज ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में एडहॉक पर डॉक्टर्स भर्ती किए जाएंगे। ताकि अस्पतालों में डॉक्टरों की किसी प्रकार की कोई कमी ना रहे। उन्हें बताया कि एडहॉक पर रखे जाने वाली एमबीएएस डॉक्टर को प्रति माह एक लाख तो स्पेशलिस्ट डॉक्टर को प्रति माह सवा लाख रुपये की सैलरी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक हरियाणा में डॉक्टरों की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए पीएम मोदी के दिशा निर्देशानुसार एक लाख नए एमबीबीएस डॉक्टर तैयार किये जाएंगे। पंचकूला में मेडिकल कॉलेज के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज से भी बड़ा संस्थान आयुष इंस्टीट्यूट के रूप में पंचकूला को दिया जा रहा है। जिसकी तैयारी शुरू हो गई है। इस अवसर पर उनके साथ पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, महामंत्री हरिंदर मालिक, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा व प्रेस सचिव नवीन गर्ग मौजूद रहे।