चंडीगढ़। फैदा में मंगलवार सुबह उस समय लोग दहशत में आ गए जब तेज बारिश से गांव के मकान दरकने लगे। गनीमत रही बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, जिससे जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। बारिश अगर ज्यादा देर तक होती तो जान-माल का बड़ा नुकसान होता। सूचना पर राहत के लिए पहुंची प्रशासन की टीम ने तुरंत 12 से अधिक मकानों को आनन-फानन में खाली करा दिया और सभी को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया। इन सभी घरों का सामान भी खाली करा दिया गया है। बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कर्मचारियाें के साथ अफसरों को भी मुस्तैद रहने को कहा गया है।
एसडीएम ईस्ट अर्जुन शर्मा ने बताया कि फैदा गांव में लगभग 450 मकान हैं। मंगलवार सुबह बारिश के दौरान सूचना मिली की गांव में कुछ मकान दरकने लगे हैं। सूचना के बाद प्रशासन की टीम गांव पहुंची और करीब 12 मकानों को तत्काल खाली करा दिया। एसडीएम ने बताया कि मकानों से गृहस्थी का सामान भी निकलवा दिया गया है और लोगों से सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा एसडीएम ने बताया कि बारिश को देखते हुए गांव में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अफसरों और कर्मचारियों से तैयार रहने को कहा है।
सुबह बारिश आफत लेकर आई
बीते कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे फैदा गांव के लोगों के लिए सुबह बारिश राहत कम आफत ज्यादा लेकर आई। अचानक हुई तेज बारिश से फैदा गांव में बने टीन शेड और कच्चे घरों पर भी आफत मंडराने लगी। बारिश से गांव में बने टीन शेड और कच्चे घरों के मकान हिलने लगे। इससे लोगों में दहशत फैल गई। लोगों की मानें तो गनीमत रही कि बारिश रुक गई और लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर भेज दिया गया। मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने देखा कि कई और मकान गिरने की कगार पर हैं। बारिश रुकने के बाद प्रशासन के निर्देश पर यहां रहने वाले अपनी गृहस्थी का सामान हटाकर अपने रिश्तेदारों या फिर सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं। वहीं प्रशासन ऐसी स्थिति से निपटने को लेकर तैयार है।