पंचकूला। क्राइम ब्रांच पुलिस लगातार शहर से नशा तस्करों की धरपकड़ में जुटी है। इसी कड़ी में पुलिस ने मंगलवार को एक व्यक्ति को 20 किलो 500 ग्राम गांजा ले जाते अरेस्ट किया है। आरोपी मूल रूप से यूपी के जिला प्रतापगढ़ के गांव बरहउपुर व फिलहाल जिला पंचकूला में थाना पिंजौर के अंतर्गत गांव डालुवाला में रहने वाला महेश वर्मा है। दरअसल, पुलिस को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना थी कि वह थोक और परचून में गांजा बेचता है। क्राइम ब्रांच इंचार्ज अमन कुमार व उनकी टीम ने गांव डालुवाला के पास नाकाबंदी की। गांव में गश्त ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को एक व्यक्ति प्लास्टिक का कट्टा कमर पर लटकाये पैदल आता दिखाई दिया। लेकिन वह पुलिसकर्मियों को देखकर पीछे मुड़कर तेज कदमों से दौड़ने लगा। शक होने पर उसे रोक कर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से गांजा बरामद हुआ। नशा सामग्री का तोल करने पर उसका वजन 20.500 किलोग्राम मिला। आरोपी महेश के खिलाफ थाना पिंजौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी उससे बरामद नशा सामग्री कहां से लाकर किसे देने जा रहा था। साथ ही उसके खिलाफ इससे पहले भी कभी कोई केस दर्ज रहा है या नहीं, पुलिस यह पता लगाने में भी जुटी है।