पंचकूला। वोकेशनल टीचर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल को देखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से वोकेशनल टीचर्स को रेगुलर करने और सैलरी बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद भी टीचर्स का कहना है कि सरकार हमें कई बार झूठे आश्वासन दे चुकी है। अभी तक हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई है। इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टीचर्स का कहना है कि अगर उनकी मांग 15 जुलाई तक नहीं मानी जाएगी तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद शहर में आंदोलन करेंगे। इसके अलावा वह सीएम की कोठी का घेराव करेंगे।
सोमवार को वोकेशनल टीचर्स का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन 26वें दिन भी जारी रहा। अपनी सैलरी बढ़ोतरी व जॉब सिक्योरिटी पॉलिसी की मुख्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे वोकेशनल टीचर्स ने 9 जुलाई को सीएम आवास का घेराव का कार्यक्रम रखा है। जिसे देखते हुए सरकार ने वोकेशनल टीचर्स को बातचीत का न्योता भेजा। वोकेशनल टीचर्स के राज्य प्रधान मुकेश गुर्जर और सहलाकर गौरव राणा को सीएम प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के आवास पर बुलाया गया। इसके बाद राजेश खुल्लर ने वोकेशनल टीचर्स को आश्वस्त किया कि सरकार आपकी मांगो के समर्थन में है। सरकार को वोकेशनल टीचर्स का मैटर समझ में आ गया है। साथ ही वोकेशनल टीचर्स को सीएम आवास का घेराव के कार्यक्रम को रोकने के लिए कहा गया। इसी सप्ताह वोकेशनल टीचर्स की सभी मांगे पूरी हो जाएंगी। वोकेशनल टीचर्स ने प्रधान सचिव के आग्रह के बाद सीएम आवास के घेराव के कार्यक्रम को स्थगित करने फैसला किया। अब वोकेशनल टीचर्स ने 15 जुलाई को सीएम आवास के घेराव के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है तब तक वोकेशनल टीचर्स का अनिश्चितकालिन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। वोकेशनल टीचर्स के राज्य प्रधान मुकेश गुर्जर ने कहा कि आज की मीटिंग सकारात्मक रही राजेश खुल्लर जी ने हमारी मांगो का समर्थन किया। अगर सरकार गंभीरता से वोकेशनल टीचर्स की मांगों पर विचार करे तो हम एक सप्ताह का समय देने के लिए तैयार हैं। अब कल के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है अगर इस सप्ताह हमारी मांगो पूरी नहीं होती तो 15 जुलाई को हजारों की संख्या में वोकेशनल टीचर्स पंचकूला पहुंचकर सीएम आवास का घेराव करके प्रदर्शन करेंगे।
मुख्य सलाहाकार गौरव राणा ने कहा कि वोकेशनल टीचर्स को पंचकूला में धरना प्रदर्शन करते हुए 26 दिन हो चुके हैं सरकार को वोकेशनल टीचर्स की मांगे को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचारी प्राइवेट कंपनियों को बाहर करना चाहिए। वोकेशनल टीचर्स को मान सम्मान देना चाहिए जिसका वह हकदार हैं ।