चंडीगढ़। सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन के साथ शहर के विभिन्न उद्योगपति, सीए और बुद्धिजीवियों ने बजट का सीधा प्रसारण देखा। बजट के बाद सभी ने महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। संजय टंडन ने कहा कि बजट में बुनियादी ढंाचा विकास, सामाजिक उत्थान, महिलाओं, किसान और कमजोर वर्ग के सशक्तीकरण पर फोकस किया गया है।
संजय टंडन ने कहा कि बजट में गांव, गरीब और किसान पर किफायती आवास के लिए कर राहत प्रदान करने, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य को वित्तीय सहायता, छोटे व्यापारियों/खुदरा विक्रेताओं को पेंशन, 2020 तक सभी के लिए बिजली और 2022 तक सभी के लिए आवास पर जोर दिया गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद/निर्माण पर लाभ प्रदान देने, पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। छोटे व्यापारियों के लिए पेंशन योजना भारी संख्या में लोगों की अपेक्षा को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा पॉलिसी में सुधार के लिए सरकार ने नई शिक्षा नीति लाने का प्रस्ताव रखा है। कुल मिलाकर बजट सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रख कर बनाया गया है और आने वाले समय में देश व देशवासियों को लाभ मिलेगा।