प्री-मानसून की थोड़ी सी बारिश में ही शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। कई जगह जलभराव से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। हालांकि, आधे घंटे में ही पानी निकल गया, लेकिन यह बारिश निगम के लिए चेतावनी है कि अब ठीक से सफाई नहीं हुई तो मानसून में समस्या विकराल होने वाली है।
वीरवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे से बारिश शुरू हुई। रिमझिम बारिश धीरे-धीरे तेज हो गई। सुबह लगभग साढ़े दस बजे तक अच्छी खासी बारिश हो गई। इससे शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1, सेक्टर 15 के अंडर ब्रिज, सेक्टर 35 डी, मनीमाजरा, रामदरबार सहित कई अन्य क्षेत्रों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, लगभग आधे घंटे बाद ही पानी निकल गया, लेकिन सफाई कर्मचारियों की लापरवाही एक बार फिर से सामने आई। कई जगह कचरा पानी केसाथ ही रोड नालियों की जाली में फंस गया, जिससे पानी धीरे-धीरे निकल सका।
कचरे के ढेर नहीं उठे तो होगी समस्या
शहर में अभी भी जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। इन ढेरों को नहीं उठवाया गया तो आगे मानसून में शहर के लोगों की समस्याएं बढ़ना तय है। कमिश्नर केके यादव के औचक निरीक्षण के बाद सेक्टर-17 में भी सुपरवाइजर ने सफाई व्यवस्था पहले ही शुरू कर दी। नहीं तो नगर निगम के सामने भी हर साल की तरह इस बार भी बारिश का पानी भरा होता।
लोगों ने ली राहत की सांस, भीगने निकले बाइक से
अचानक सुबह-सुबह बारिश होता देख लोगों ने भी गर्मी से राहत की सांस ली। लोग अपनी बाइक से भीगने की लिए घर से निकले। इस कारण सड़कों पर काफी संख्या में दोपहिया वाहन दिखाई दे रहे थे। लोग बारिश से काफी राहत महसूस कर रहे थे। हालांकि, ऑफिस जाने वाले लोगों को जगह-जगह रुक-रुक कर जाना पड़ा।
मोटर से निकाला अंडरपास से पानी
सेक्टर 15 केअंडरपास में पानी भरने के बाद नगर निगम ने कर्मचारियों को बुलाकर मोटर से पानी बाहर निकलवाया। अंडरपास में इतना पानी भर गया था कि लोगों की बाइक बीच में ही रुक जा रही थी। कुछ लोगों ने निगम की ओर से जारी इमरजेंसी नंबरों पर फोन कर इसकी सूचना दी। तब जाकर निगम ने वहां से पानी निकलवाया। लोगों का कहना है कि यह तो हमेशा का काम है। इसका इलाज निगम कभी नहीं कर पाएगा।