चंडीगढ़। अब अपनी कंपनी की शुुरुआत करने वाले यंगस्टर्स की पसंद को-वर्किंग स्पेस बन गया है। हो भी क्यों न। एक ऐेसा आफिस, जहां बैठकर वह अपना रोजगार ही नहीं करते हैं बल्कि दूसरे युवाओं से काफी कुछ सीखते भी हैं। चंडीगढ़ में करीब पांच ऐसे को-वर्किंग स्पेस हैं, जो कि अलग-अलग कंपनियों ने बनाए हैं। इन को-वर्किंग स्पेस में युवाओं के लिए एक चेयर या केबिन और मीटिंग रूम का इंतजाम होता है। इतना ही नहीं, यहां पर युवाओं को चाय, नाश्ता तक उपलब्ध करवाया जाता है।
चंडीगढ़ के सिटी इंपोरियम में को-वर्किंग स्पेस देने वाली कंपनी की एक अधिकारी ने बताया कि वास्तव में यह कांसेप्ट युवाओं को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसमें आईटी कंपनियों से जुड़े युवा, साफ्टवेयर का काम करने वाले युवा और मार्केटिंग के साथ ही अन्य काम करने वाले युवा बैठते हैं। इसमें एक सीट की कीमत करीब साढ़े चार हजार रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक होती है। स्टार्टहब के मालिक परम कालरा ने बताया कि यह कांसेप्ट युवाओं को कम कीमत पर वर्किंग स्पेस उपलब्ध करवाने का है। युवा इसमें कई जानकारियां भी पाते हैं और कई बार यहां उनको अच्छे विकल्प और काम भी मिल जाते हैं।