चंडीगढ़। नगर निगम के सभी अधिकारी वीरवार को क्षेत्र में दिखेंगे। कमिश्नर केके यादव के निर्देश पर सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में घूमकर आने के बाद ही ऑफिस पहुंचेंगे। लगातार क्षेत्र से मिल रही शिकायतों और नगर निगम की बैठक में पार्षदों की शिकयत के बाद कमिश्नर ने यह निर्देश दिए थे।
सोमवार को वीकली रिव्यू मीटिंग में कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि कोई भी अधिकारी क्षेत्र में नहीं जा रहा है। जो फील्ड अधिकारी रिपोर्ट दे देते हैं, उसी को सच मानकर सिग्नेचर कर दिए जाते हैं। ऐसे में जमीनी हकीकत अफसरों को पता ही नहीं है और समस्या जस की तस है। अब हर वीरवार अफसर पहले अपने क्षेत्र में जाएंगे। उसके बाद ऑफिस आएंगे। इससे उन्हें पूरी जानकारी रहे। साथ ही फील्ड की रिपोर्ट की चर्चा सोमवार की रिव्यू मीटिंग में भी करेंगे।