पंजाब विश्वविद्यालय में दस जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। उसके बाद यदि किसी कोर्स में सीटें खाली रहती है तो पीयू प्रशासन ऑफलाइन आवेदन स्वीकार कर सकता है। इसके लिए योजना बनाई जा रही है।
हर दिन पीयू प्रशासन एडमिशन को लेकर बैठक कर रहा है। हर कोर्स की समीक्षा हो रही है। मंगलवार को भी डीयूआई प्रो. शंकरजी झा की अध्यक्षता में बैठक हुई। कुछ कोर्सेज में आवेदन कम आए हैं तो उनको बढ़वाने के लिए जागरूकता की बात कही गई।
यदि इन कोर्सेज की स्थिति आखिर तक ऐसी ही रही तो ऑफलाइन आवेदन भी लिए जा सकते हैं। इसके लिए छात्रों को ऑनलाइन फार्म को डाउनलोड करना होगा और उसके बाद भरकर पीयू में जमा करना होगा। उसके बाद पीयू तय करेगा कि मेरिट में उनकी गिनती कहां आएगी।
हालांकि, अधिकांश आवेदन पीयू को ऑनलाइन ही हर साल मिलते हैं। ऑफलाइन आवेदन तब आते हैं, जब कक्षाएं लगभग शुरू हो जाती हैं। ऐसे छात्र दूसरे विश्वविद्यालयों में एडमिशन के लिए अप्लाई करते हैं और वहां दाखिला न मिलने के बाद यहां पहुंचते हैं।