चंडीगढ़। पीयू के यूबीएस का सेंटर इटली में खुल रहा है। इस सेंटर पर प्रथम चरण में एमबीए एंटरप्रेन्योर की कक्षाएं लगेंगी। इसको पीयू ने फाइनल कर दिया है। इसके पाठ्यक्रम में क्या-क्या शामिल होगा, इसका निर्धारण विदेश दौरे के दौरान यूबीएस की टीम करेगी।
यूबीएस सेंटर विदेश में खोलने का प्रस्ताव काफी समय से चला आ रहा है। इस सेंटर की स्थापना से पहले वीसी प्रो. राजकुमार ने इटली, स्विट्जरलैंड आदि देशों का दौरा किया। यह फाइनल हो गया कि इटली में ही सेंटर खुलेगा। इसके लिए किसी विश्वविद्यालय से शिक्षण कक्ष लिए जाएंगे। वहां से लौटने के बाद वीसी ने यूबीएस की टीम को वहां की स्थितियां बताईं और उसके बाद कोर्स शुरू करने के लिए योजना बनाने को कहा। यूबीएस विभाग ने फाइनल किया है कि एमबीए एंटरप्रेन्योर कोर्स वहां शुरू किया जाएगा। इसके जरिए पढ़ने वाले लोग अपनी कंपनियां स्थापित भी कर सकेंगे, जो दूसरों को जॉब देने का कार्य करेंगे। यूबीएस विभाग अध्यक्ष प्रो. दीपक कपूर ने बताया कि एमबीए एंटरप्रेन्योर शुरू किए जाने के लिए तैयारियां चल रही हैं। अगले शैक्षिक सत्र से पहले इटली में सेंटर स्थापित हो जाएगा।