चंडीगढ़। 12 अवैध कब्जाधारियों पर शुक्रवार को चंडीगढ़ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर प्रशासन के भूमि अधिग्रहण विभाग ने ड्राइव चलाते हुए 10 अवैध निर्माण को ढहा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप है। प्रशासन द्वारा मकान ढहाने की कार्रवाई मनीमाजरा और शास्त्रीनगर में की गई है।
जानकारी के मुताबिक विभाग की टीमों को देखते ही निर्माण करा रहे ठेकेदार और मजदूर वहां से भाग निकले। वहीं कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस बल को देखते हुए बाद में शांत हो गए। अवैध निर्माण को ढहाने के साथ संबंधित को नोटिस देते हुए मामला दर्ज कराया है। इसके साथ ही लोगों को चेतावनी दी गई है कि आगे से ऐसा कोई निर्माण कार्य कराते मिलता है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।
भूमि अधिग्रहण अधिकारी अर्जुन शर्मा ने बताया कि अवैध रूप से निर्माण कार्य करने वाले 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराने के साथ ही नोटिस जारी किए हैं। एसडीएम अर्जुन शर्मा ने बताया कि प्रशासन को जानकारी मिली थी कि मनीमाजरा और शास्त्रीनगर में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा हो रहा है। प्रशासन ने टीमों को भेजकर इसे ढहा दिया। अवैध निर्माण के कार्य में लगे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब प्रशासन इसके लिए लगातार ऐसी ड्राइव चलाना जारी रहेगा। प्रशासन की ओर से किशनगढ़, मौली जागरां, कैंबवाला, डड्डूमाजरा, मनीमाजरा, शास्त्रीनगर, खुड्डालाहौरा, पलसोरा समेत कई इलाकों की जांच के आदेश दिए गए हैं।
एक हफ्ते में देनी होगी रिपोर्ट
अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन काफी सख्त है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन टीमों का गठन किया है। इन टीमों को आदेश दिया गया है कि जहां से शिकायत मिल रही है उन क्षेत्रों में जाकर निरीक्षण करें और रिपोर्ट एक सप्ताह में विभाग को दें।