पंचकूला। अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठे वोकेशनल टीचर्स के धरना प्रदर्शन ने वीरवार को तूल पकड़ लिया। धरना प्रदर्शन के 8वें दिन कुछ वोकेशनल टीचरों ने अधिकारियों से मीटिंग बेनतीजा निकलने पर शिक्षा सदन के दोनों गेट बंद कर नारेबाजी की। साथ ही कुछ टीचरों ने मुंडन तक करवाकर रोष प्रदर्शन किया। मुंडन करवाने वाले टीचरों में अनिल बामल, नरेश साहरण, संदीप और परविन्दर शामिल हैं।
वीरवार को वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन और स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर अशोक शर्मा के बीच मीटिंग हुई। गीता शिक्षा सदन में हुई मीटिंग में एक डेलीगेशन गया। डेलीगेशन में राज्य प्रधान मुकेश गुर्जर समेत राज्य महासचिव अनूप ढिल्लों, राज्य कार्यकारिणी सदस्य गौरव राणा, राजबीर सिंह, रणजीत सिंह, सुमनदीप और ज्योति शामिल रहे। मीटिंग से बाहर निकलकर उन्होंने मीटिंग को बेनतीजा बताया। अधिकारियों के नकारात्मक रवैये के चलते मांगें पूरी नहीं होने की बात कही। मीटिंग में वेतन बढ़ोतरी और जॉब सिक्योरिटी पॉलिसी बनाने पर विचार न कर केवल औपचारिकता पूरी किए जाने की बात कही गई।
रोष से व्याप्त वोकेशनल टीचर्स ने शिक्षा सदन का घेराव कर दोनों गेट बंद कर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान मुकेश गुर्जर ने मीटिंग को नकारात्मक बताया और अशोक शर्मा ने इसे केवल औपचारिकता बताया। राज्य महासचिव अनूप ढिल्लों ने कहा कि अधिकारी वोकेशनल टीचर्स की वेतन बढ़ोतरी की फाइल को जानबूझकर दबा रहे हैं। एसोसिएशन ने मांगें पूरी नहीं होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने की बात कही और इसे एक आंदोलन बनाने की बात कही। टीचरों ने बताया कि बीते पांच सालों से उनकी सैलरी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। विभाग पर निजी कंपनियों द्वारा शोषण करवाने के आरोप लगाए। वोकेशनल टीचर्स शुक्रवार को हरियाणा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।