चंडीगढ़। नगर निगम कमिश्नर केके यादव ने सोमवार को स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 के लिए आरडब्ल्यूए, एमडब्ल्यूए, होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन, अस्पताल और शिक्षा विभाग की बैठक बुलाई। इस दौरान कमिश्नर ने कहा एसोसिएशन और शहरवासियों का सहयोग से इस बार चंडीगढ़ स्वच्छता सर्वे में नंबर वन पोजीशन पर आएगा। लोगों को बस थोड़ा जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा।
कमिश्नर ने कहा कि स्वच्छता सर्वे किसी भी शहर की सुंदरता को दिखाने का पैमाना तय करता है। शहर में कचरे का बेहतर प्रबंधन, हरियाली, नाले व्यवस्थित बने हैं या नहीं, सड़कों समेत कई महत्वपूर्ण बातों को ध्यान में रखकर इस सर्वे को किया जाता है। हर चार माह पर यह सर्वे होता है। जून अंत तक पहला क्वार्टर खत्म हो जाएगा। उसके बाद दूसरा सितंबर और तीसरा दिसंबर 2019 में सर्वे होगा। सर्वे में प्रथम आने के लिए जरूरी है कि हम लोग कचरे को सेग्रीगेट करना सीखें। यही हमारी सबसे बड़ी कमजोरी है। आरडब्ल्यूए, एमडब्ल्यूए, अस्पताल और शिक्षा विभाग मिलकर इस काम में लग जाए तो कोई हमें नंबर वन होने से नहीं रोक सकता। हमें क्षेत्र स्तर पर बेहतर साफ सफाई रखते हुए अन्य समस्याओं पर ध्यान देना होगा। इस मौके पर एडीशनल कमिश्नर एसके जैन, पार्षद चरणजीत सिंह, प्रभारी एमओएच डॉ एमएस काम्बोज, फोसवैक केचेयरमैन बलजिंदर सिंह बिट्टू के अलावा होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन, अस्पताल और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पिछली स्वच्छता रैंकिंग में पिछड़ गया था चंडीगढ़
कमिश्नर ने कहा कि हमारी छोटी छोटी गलतियों से स्वच्छता सर्वे 2019 में चंडीगढ़ 20वें स्थान पर खिसक गया था। इस बार इन कमियों को दूर करना होगा। अपने क्षेत्र के लोगों को जागरूक करें और उन्हेंकचरा सेग्रीगेट करने को कहें। कहीं समस्या आए तो सीधी मुझे जानकारी दें। ताकि तत्काल समस्या का समाधान कर सकें।