चंडीगढ़। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक ही शहर के मौसम में बदलाव दिख रहा है। सोमवार सुबह तेज धूप थी जबकि शाम होते ही घने बादल छा गए और मौसम सुहाना हो गया। वहीं, रात को बूंदाबांदी और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले 48 घंटे ऐसा ही मौसम रहने वाला है। बारिश की भी संभावना है। तापमान में बढ़ोतरी की कोई आसार नहीं दिख रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। शाम आते ही तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। रविवार रात का तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटे भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर रहेगा। बादल छाए रहेंगे। तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होगी। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। 19 जून से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ने लगेगा। 20 जून को हल्के बादल छाए रहेंगे। उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 25 डिग्री के बीच दर्ज किया जाएगा।