क्लैट के एग्जाम में खुशी मित्तल ट्राइसिटी टॉपर
-ऑल इंडिया 66वीं रैंक प्राप्त की, भवन विद्यालय चंडीगढ़ की छात्रा हैं खुशी
- चंडीगढ़ में रहकर दो साल से पढ़ाई कर रही थी मोगा की यह छात्रा
- भवन विद्यालय के ही धनंजय को मिली 106वीं रैंक
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। क्लैट का परिणाम शुक्रवार की देर शाम जारी किया गया। इस एग्जाम में भवन विद्यालय चंडीगढ़ की छात्रा खुशी मित्तल ट्राइसिटी टॉपर बनीं। उन्हें ऑल इंडिया 66वीं रैंक हासिल हुई है। इसी स्कूल के छात्र धनंजय को 106वीं रैंक हासिल हुई है। कोचिंग सेंटरों के मुताबिक ट्राइसिटी में वह दूसरे स्थान पर है।
इनके अलावा पंजाब के कई स्टूडेंट्स ने चंडीगढ़ में रह कर पढ़ाई की। उन्होंने भी अच्छी रैंक पाई है। सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट सीनियर स्कूल लुधियाना के छात्र अगम अग्रवाल को 98वीं रैंक मिली है। डीएवी पब्लिक स्कूल लुधियाना कीछात्रा महरीन मंडेर को 99वीं रैंक हासिल हुई है। डीएवी पब्लिक स्कूल मोगा की छात्रा दिव्यांशु को 151वीं रैंक मिली है। यह छात्र चंडीगढ़ में रह कर क्लैट पॉसिबल व करियर लांच से कोचिंग ले रहे थे। मालूम हो कि क्लैट का एग्जाम 26 मई को हुआ था। इसमें एक लाख से अधिक स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था। देश के 21 लॉ यूनिवर्सिटी में 2500 सीटें हैं, जहां पर इन विद्यार्थियों को बीए एलएलबी में एडमिशन मिला है।
इनसेट---
जीके, लीगल की तैयारी ने दिलाई अच्छी रैंक : खुशी
टॉपर छात्रा खुशी मित्तल पंजाब के मोगा की रहने वाली हैं। उनके पिता हरीभूषण मित्तल बिजनेसमैन और मां सोनालिका गृहणी हैं। खुशी ने बताया कि 11वीं से ही क्लैट की तैयारी में लगी थी। चंडीगढ़ में ही रहकर कोचिंग की। जीके व लीगल की तैयारी अच्छी थी, इसलिए अच्छी रैंक मिली। मैथ की तैयारी करने में काफी मेहनत लगी। कहती हैं कि हर दिन चार से पांच घंटे एकाग्र होकर पढ़ती थी। वकील बनकर सबको न्याय दिलाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी हैदराबाद में उनका एडमिशन हुआ है।