पंचकूला। चंडीमंदिर कैंट स्थित मैप कालोनी में एक विवाहिता ने पति से झगड़े के बाद बीते बुधवार को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवती बीड़ घग्गर निवासी भारती है। भारती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति पर उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी हरियाणा के जिला करनाल के गांव बस्ताड़ा का रहने वाला शैंकी है। शिकायतकर्ता पिता राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पास दो लड़कियां और एक लड़का है। बताया कि उन्होंने बड़ी बेटी भारती का विवाह गांव बस्ताड़ा निवासी शैंकी से 2016 में किया था। शादी के बाद उनका दामाद बेटी को लेकर चंडीमंदिर कैंट स्थित मैप कालोनी के क्वार्टरों में रहने लगा। बताया कि बेटी भारती का दो साल का बेटा भी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि दामाद शैंकी बीती 4 जून को रिश्तेदार निक्का, बेटे रजत व दोस्त अजय के लिए बीयर खरीदकर घर पहुंचा था। लेकिन भारती ने शैंकी समेत अन्यों को घर पर शराब पीने से रोका। इस पर शैंकी और भारती के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद रिश्तेदार का बेटा निक्का, रजत और उसका दोस्त अजय खाना खाकर रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौट गए।
फोन कर पति के चाकू मारने की बात कही
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पति को घर पर शराब पीने से मना करने की अगली सुबह करीब साढ़े नौ बजे उन्हें बेटी भारती का फोन आया। उसने उन्हें कहा कि पापा जल्दी आ जाओ, पति शैंकी चाकू मार रहा है। करीब आधे घंटे बाद ही पिता ने घर पहुंचकर दोनों को दोपहर करीब 12 बजे तक समझाया। साथ ही शैंकी के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। लेकिन दोपहर करीब तीन बजे शैंकी ने दोबारा ससुर को फोन कर भारती के फंदा लगाने की सूचना दी। पिता तुरंत घर पहुंचे तो बेटी भारती को बैड पर मृत लेटा देखा। पिता ने बताया कि दामाद के रोजाना के झगड़े से तंग आकर बेटी ने खुदकुशी की है। पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।