चंडीगढ़। सारंगपुर-खुड्डा जस्सू गांव में डोर टु डोर कचरा कलेक्शन की सुविधा तो शुरू हो गई, लेकिन उसकी सुविधा हर व्यक्ति को नहीं मिल पा रही है। सारंगपुर में बुधवार को छोटी गाड़ियां न पहुंचने से गलियों में रहने वाले लोेग कचरा नहीं दे सके। बाहर के घरों ने ही कचरा दिया। लोगों का कहना है जब व्यवस्था शुरू हुई थी तो कहा गया था कि छोटी गाड़ियां भेजी जाएंगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
बीते मंगलवार को मेयर राजेश कालिया, सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह, नगर निगम कमिश्नर केके यादव व एडिशनल कमिश्नर एके जैन ने सारंगपुर में हरी झंडी दिखाकर कचरा गाड़ियों को रवाना किया था। इस दौरान गाड़ी चालकों को रास्ता न पता होने से पहले तो गाड़ियां भटक गईं, उसके बाद छोटी गलियों में गाड़ियां अंदर नहीं जा सकीं। कमिश्नर ने कहा था कि अब छोटी गाड़ियों को कचरा लेने के लिए भेजा जाएगा।