मनीमाजरा। माडर्न कांप्लेक्स के नजदीक बनाए जा रहे रेलवे अंडरपास की दीवार बनाने से माडर्न कांप्लेक्स कैटेगरी 4 के 200 फ्लैट्स का रास्ता बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कैटेगरी 4 के लोगों ने सलाहकार को शिकायत देते हुए रास्ता निकालने की मांग की।
प्रशासक के सलाहकार के निर्देश पर मंगलवार सुबह चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद और चीफ आर्किटेक्ट कपिल सेतिया व कई प्रशासनिक अधिकारी अंडर रेलवे ब्रिज का मुआयना करने माडर्न कांप्लेक्स पहुंचे। मुकेश आनंद ने लोगों की समस्या को जाना और हल निकालने का प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि माडर्न कांप्लेक्स की कैटेगरी-4 के मकान नंबर 5529 से 5570 बिल्कुल रेलवे अंडरब्रिज के पास है। अंडर ब्रिज के निर्माण के दौरान इन मकानों के दोनों तरफ सड़क बनाए जा रही है। इस सड़क की सुरक्षा के लिए दोनों और दीवार खड़ी की जा रही हैं। इस दीवार के कारण ढाई महीने से कैटेगरी-4 के मकान नंबर 5529 से 5570 का रास्ता दोनों ओर से बंद हो गया। इस समस्या का हल निकलवाने के लिए एमएचसी कैटेगरी एसोसिएशन के प्रधान तलविंदर सिंह कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर अपनी मांग रख चुके हैं। मंगलवार को चीफ इंजीनियर मुकेश आंनद और चीफ आर्किटेक्ट कपिल सेतिया ने लोगों की समस्या का हल करने का आश्वासन दिया।
एमएचसी कैटेगरी ऐसोसिएशन के तलविंदर सिंह ने बताया कि अंडर ब्रिज बनने से पहले कैटेगरी-4 के मकान नंबर 5529 से 5570 के दोनों से काफी खुला रास्ता होता था, लेकिन अब रास्ता दोनों ओर से बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को चीफ इंजीनियर मुकेश आंनद और चीफ आर्किटेक्ट कपिल सेतिया को इन मकानों के लिए स्लिप रोड और कैटेगरी 2-4 के बीच में 18 फुट पड़ा रास्ता दिखाया। इस पर अधिकारियों ने सड़क बनाने का आश्वासन दिया। इस रास्ते के लिए एसोसिएशन को पहले पार्षद से लिखवा कर निगम कमिश्नर को पत्र लिखना है। वहीं, चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद का कहना कि उन्होंने अधिकारियों के साथ अंडरपास का निरीक्षण कर वहां आ रही सभी अड़चनों को दूर करने का प्रयास किया। अंडरपास जल्द से जल्द बनकर तैयार हो सके।