पंचकूला। जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए जिला मजिस्ट्रेट डॉ. बलकार सिंह ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने पंचकूला व कालका उपमंडल में संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में टास्क फोर्स गठित करके ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह निर्देश भी दिए हैं कि टीम के सभी सदस्य सूचना तंत्र को मजबूत करके अवैध खनन की हर छोटी बड़ी गतिविधियों पर ध्यान रखें और मामला ध्यान में आने पर कार्रवाई भी अमल में लाएं। जिला मजिस्ट्रेट ने इसके लिए लिखित आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा कि जिस भी अधिकारी के क्षेत्र में अवैध खनन का मामला ध्यान में आएगा उसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। डॉ. बलकार सिंह ने बताया कि उपमंडल स्तर की टास्क फोर्स में एसडीएम को चेयरमैन बनाया गया है, जबकि दोनों मंडलों में जिला खनन अधिकारी इसके सदस्य सचिव होंगे। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर सहायक पुलिस आयुक्त, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार, उपमंडल में आने वाले थाना प्रभारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, खनन निरीक्षक और वन विभाग के संबंधित क्षेत्र के रेंज अधिकारी टास्क फोर्स के सदस्य होंगे।
उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों की सूचना जुटाने के लिए संबंधित क्षेत्र के कानूनगो, पटवारी, ग्राम सचिव, फोरेस्ट गार्ड, नंबरदार और चौकीदार को सूचना तंत्र के तौर पर प्रयोग करने के लिए कहा गया है।