उपायुक्त ने शक्ति भवन को भेजा कारण बताओ नोटिस, नियुक्ति प्रक्रिया रुकी
- सर्व कर्मचारी संघ के सदस्य मैदान में उतारे, नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग
- बढ़ सकता है विवाद, कर्मचारी संघ कर सकता है चुनाव का बायकाट
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। उपायुक्त कम जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले में सेक्टर-6 स्थित शक्ति भवन के उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के मैनेजिंग डायरेक्ट को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। उपायुक्त की कार्रवाई से शक्ति भवन में चल रही एसए पद की नियुक्ति प्रक्रिया स्थगित हो गई है। वहीं दूसरी तरफ नियुक्ति की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ के सदस्य मैदान में उतर आए हैं। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह मामला आने वाले समय में तूल पकड़ेगा। उपायुक्त ने पत्र के माध्यम से उक्त अधिकारियों को आदेश दिया है कि वह अपनी स्पष्टीकरण 11 मार्च को शाम तीन बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजें। यदि निर्धारित समय के अंतर्गत जवाब न मिला तो विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निर्वाचन अधिकारी ने भेजी वीडियो क्लिप
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस के साथ सोमवार को अंक में आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित प्रकाशित खबरों की कटिंग और संबंधित वीडियो क्लिप भी शक्ति सदन के आलाधिकारियों को साक्ष्य के तौर पर भेजी है। उन्होंने नोटिस की कॉपी उपायुक्त पुलिस, अतिरिक्त उपायुक्त, उपमंडल अधिकारी (ना.) पंचकूला को भी भेजी है।
आचार संहिता लगने से पहले करवानी चाहिए थी नियुक्ति
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने कहा कि इनका चयन आचार संहिता लगने से पहले हो चुका था और ज्वाइनिंग लैटर भी दस मार्च को सुबह से ही दिए जा रहे थे। चुनाव आयोग को इनको ज्वाइनिंग करने की परमिशन देनी चाहिए। निगम प्रबंधकों को तत्परता करनी चाहिए थी और आचार संहिता लगने से पहले सभी को ज्वाइन करवाना चाहिए था।
..तो चुनावों का कर सकते हैं बॉयकाट
सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों का कहना है कि जब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 9 मार्च को 2425 सब स्टेशन अटेंडेंट (एसए) का चयन कर उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम को सूची भेज दी थी तो हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम में 874, उत्तर में 746 व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में 805 को पोस्ट किया गया। 10 मार्च को आचार संहिता लगने के बाद ज्वाइनिंग लेटर दिए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उपायुक्त पंचकूला को शिकायत कर दी। जिसके बाद यह पत्र जारी किया गया है। इसके बाद सारी प्रक्रिया रोक दी गई है। वहीं, सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों का कहना है कि अगर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो चुनावों का बॉयकाट भी कर सकते हैं।
यह है पूरा मामला
सेक्टर-6 स्थित शक्ति भवन के अधिकारी आदर्श आचार संहिता की परवाह न करते हुए रविवार को छुट्टी होने के बाद एसए के पद पर नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी कर रहे थे। इस दौरान नियुक्ति के लिए आने उम्मीदवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। उम्मीदवारों ने अव्यवस्था की सूचना मीडिया कर्मियों की दी। जब कुछ मीडिया कर्मी शक्ति भवन के अंदर पहुंचे तो विभाग के एक अधिकारी ने एक मीडिया कर्मी का मोबाइल और डायरी छीन ली। इतना ही नहीं अधिकारियों ने मीडिया कर्मी को बंधक भी बना लिया। बंधन बनाने की सूचना जैसे ही उपायुक्त डॉ. बलकार सिंह को लगी उन्होंने एसडीएम पंकज सेतिया, सिटी मजिस्ट्रेट गगनदीप सिंह को जांच के आदेश दिए थे।