आचार संहिता लागू होने के बाद शक्ति भवन में चली ज्वाइनिंग प्रक्रिया
- ज्वाइनिंग के लिए प्रदेशभर से पहुंचे करीब पांच सौ उम्मीदवार
- शक्तिभवन अधिकारियों ने मीडिया कर्मियों से की बदसलूकी
- उपायुक्त ने गंभीरता से लिया, सिटी मजिस्ट्रेट को जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद रविवार को सेक्टर-6 स्थित शक्ति भवन में देर रात तक एसए की ज्वाइनिंग प्रक्रिया चली। ज्वाइनिंग के लिए प्रदेश भर से करीब 500 से अधिक उम्मीदवार पहुंचे। लेकिन उम्मीदवारों को कार्यालय में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। जब इस मामले की सूचना मीडिया कर्मियों को लगी तो वे मौके पर पहुंच गए। ऐसे में मीडिया कर्मियों को देख विभागीय अधिकारी भड़क गए और उन्होंने बदसलूकी करते हुए एक मीडिया कर्मी से मोबाइल और डायरी छीन लिया। इतना ही नहीं अधिकारियों ने मीडिया कर्मी से मारपीट करने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही मीडिया कर्मी से बदसलूकी की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को लगी वे हरकत में आ गए।
मीडिया कर्मियों को सूचना मिली थी कि सेक्टर-6 स्थित शक्ति भवन में बड़े स्तर पर ज्वाइनिंग प्रक्रिया चल रही है। मीडिया कर्मियों ने जब सेक्टर-6 स्थित शक्ति भवन में कार्यरत अधिकारी से बात की तो उन्होंने बताया कि 2016 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन ज्वाइनिंग नहीं करवाई गई थी। जिसे आज पूरा किया जा रहा है। इसी दौरान वहां एक अन्य अधिकारी आया जिसने एक मीडिया कर्मी से अभद्रता करते हुए उसका मोबाइल और डायरी छीन ली। इतना ही नहीं अधिकारी ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ मिलकर मारपीट भी करने की कोशिश की, हालांकि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मीडियाकर्मी को छोड़ दिया गया।
देर रात तक लगी रही उम्मीदवारों की लंबी कतार
शक्ति सदन में रविवार को देर रात तक उम्मीदवारों की लंबी कतार लगी रही। ज्वाइनिंग के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे उम्मीदवारों की सुविधा के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों की तरफ से किसी तरह की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। ऐसी स्थिति में बड़ी संख्या में उम्मीदवार जमीन पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार करते दिखाई दिए।
उपायुक्त ने दिए जांच के आदेश
उपायुक्त बलकार सिंह ने कहा कि प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में ज्वाइनिंग करवाना गलत है। विभागीय अधिकारी किस आधार पर ज्वाइनिंग करवा रहे हैं इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। मीडिया कर्मी से बदसलूकी मामले की जांच एसडीएम पंकज सेतिया और सिटी मजिस्ट्रेट गगनदीप सिंह कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने सौंपे डॉक्यूमेंट
सिटी मजिस्ट्रेट गगनदीप ने पूरे मामले की वीडियो और रिपोर्ट उपायुक्त बलकार सिंह और एसडीएम पंकज सेतिया को सौंप दी। है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की कार्रवाई उपायुक्त करेंगे।