फ्लैग: सीएम आवास घेरने जा रहे कर्मियों को बैरीकेट्स लगाकर पुलिस ने रोका
हेडिंग: एचएसवीपी कर्मचारियों ने रोड जाम कर की सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
- जाम में फंसी एंबुलेंस, पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत कर निकाला
- आरोप, सरकार परफॉर्मेंस अवार्ड की मांग पर नहीं कर रही है कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। परफॉर्मेंस की मांग को लेकर सीएम आवास का घेराव करने जा रहे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के कर्मचारियों को पुलिस अधिकारियों ने पंचकूला बॉर्डर पर बैरीकेड्स लगाकर रोक दिया। इससे गुस्साए कर्मचारियों ने वहीं धरना दे दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एक मरीज को चंडीगढ़ लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। हालांकि मौके पर मौजूद चंडीगढ़ और पंचकूला के पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को दूसरे रूट से रवाना किया। लेकिन वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, दूसरी ओर एचएसवीपी के कर्मचारियों को पुलिस अधिकारियों ने समझाने की कोशिश भी की, लेकिन उनकी किसी ने एक न सुनीं। ऐसे में करीब दो घंटे तक कर्मचारी सड़क के बीच बैठकर नारेबाजी करते रहे और जाम में फंसे वाहन चालक धरना खत्म होने का इंतजार करते रहे।
एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन के सदस्य परफार्मेंस अवार्ड नहीं देने पर मंगलवार एचएसवीपी के अधिकारियों पर भड़क उठे। कर्मचारियों ने सीएम हाउस घेरने के लिए जैसे ही कूच किया पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस अधिकारियों ने आनन-फानन में पंचकूला बॉर्डर पर बैरीकेटिंग करने और वाटर कैनन मशीन को तैनात करने के साथ भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। जिससे कर्मचारी हाउसिंग बोर्ड चौक तक भी नहीं पहुंच पाए। एचएसवीपी के कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि अपना हक मांगना क्या गलत है। मौजूदा सरकार विभागीय कर्मचारियों को उनका हक नहीं देना चाहती है।
9 जिलों के एचएसवीपी कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
परफॉर्मेंस अवार्ड के लिए कर्मचारी मंगलवार को एचएसवीपी के फरीदाबाद, गुड़गांव, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत, नारनौल, पलवल, रेवाड़ी से कर्मचारी सेक्टर -6 स्थित एचएसवीपी पहुंचे। एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन के चेयरमैन कृष्ण धीमान ने बताया कि वह लंबे समय से परफार्मेंस अवार्ड की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार देने से मनाकर दिया। इससे गुस्साए कर्मचारियों ने पहले शहर में रोष मार्च निकाला और सीएम आवास को घेरने का फैसला किया।
सीएम के ओएसडी ने दिया आश्वासन
कर्मचारियों ने रोड जाम कर पंचकूला बॉर्डर पर करीब दो घंटे प्रदर्शन किया। बार-बार समझाने के बाद जब कर्मचारी नहीं मानें तो पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारी नेताओं को सीएम के ओएसडी अजय गौड़ से मुलाकात करवाई। इस दौरान ओएसडी ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों को परफार्मेंस अवार्ड जल्द जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया। एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन के प्रधान कृष्ण धीमान ने बताया कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो एचएसवीपी के कर्मचारी 27 मार्च को दोबारा प्रदर्शन करेंगे।
एंबुलेंस वापस लौटी
सेक्टर-7 हाऊसिंग बोर्ड के पास नाकेबंदी होने के बाद एक एंबुलेंस मरीज को लेकर वापस होकर दूसरे रास्ते गई। वहीं वाहन नहीं चलने के कारण लोगों को जमकर परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान यहां पर पुलिस का भारी पहरा रहा।