‘उर्दू अकादमी अवार्ड के लिए 15 तक करें आवेदन’
पंचकूला। हरियाणा उर्दू अकादमी की ओर से वर्ष 2019 के पुरस्कार देने के लिए बाल कृष्ण मुजतर अवार्ड, साबर पानीपती अवार्ड तथा उर्दू गजल एवं कव्वाली गायन अवार्ड के लिए 15 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। इस संबध में जानकारी देते हुए हरियाणा उर्दू अकादमी के निदेशक डॉ. चंद्र त्रिखा ने बताया कि उर्दू लेखकों तथा हरियाणा के उर्दू साहित्य से संबंधित लेखन, शोधकार्य के लिए 31 दिसंबर तक साहित्यिक सेवाओं के दृष्टिगत आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिनमें तीन और पुरस्कारों को शामिल किए गया है। उन्होंने उर्दू शायरी के लिए बाल कृष्ण मुजतर अवार्ड, उर्दू-फारसी जबान ओ अदम में खिदमत के लिए साबर पानीपती अवार्ड तथा उर्दू गजल- कव्वाली गायन अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये की नकद सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन पुरस्कारों से संबंधित आवेदन लेखक स्वयं, कोई संस्था या व्यक्ति किसी उचित लेखक के लिए पूरा ब्यौरा तथा पुस्तकों सहित निर्धारित समय के अंदर भेजें ताकि उन्हें पुरस्कार में शामिल किया जा सके। पुरस्कारों से संबंधित शर्तें और नियम अकादमी से किसी भी कार्य दिवस पर प्राप्त किए जा सकते हैं।