ताऊ देवीलाल स्टेडियम में फिजिकल परीक्षा के दौरान सात महिला उम्मीदवारों के पैर टूटे
- जनरल अस्पताल में प्रतिभागी लड़कियों का कराया गया इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-3 ताऊ देवीलाल स्टेडियम में चल रही पुलिस भर्ती की फिजिकल परीक्षा के दौरान रविवार को सात लड़कियों के पैर में फ्रैक्चर आ गया। इसके बाद उन्हें डॉक्टरों ने सेक्टर-6 जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। जनरल अस्पताल में इलाज के बाद महिला उम्मीदवारों को छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के मुताबिक सुबह नौ बजे ताऊ देवीलाल स्टेडियम में महिला उम्मीदवारों की फिजिकल परीक्षा हुई। इस दौरान सौ लड़कियां एक बैच में दौड़ीं। छह मिनट में लड़कियों को एक किलोमीटर दौड़ पूरी करनी थी। जैसे ही लड़कियों ने दौड़ना शुरू किया इसी दौरान कुछ लड़कियां का पैर फिसल गया और गिरने के बाद उनके ऊपर से उम्मीदवार निकल गए। इस घटना में सात लड़कियों के पैर टूट गए। इसमें घायल महिला उम्मीदवार रीना निवासी झज्जर, कंचन निवासी करनाल, रीता निवासी झज्जर, मनीषा, प्रीति निवासी कुरुक्षेत्र, सुनीता और आरती निवासी जींद के पैर फ्रैक्चर हो गए थे। महिला उम्मीदवार रीना ने बताया कि पैर फिसलने के कारण वे गिर गईं थी। इसके बाद उनके ऊपर से उम्मीदवार दौड़कर निकल गए। ताऊ देवी लाल स्टेडियम में तैनात महिला उम्मीदवारों को वहां तैनात डॉक्टरों की टीम उन्हें एंबुलेंस से लेकर इमरजेंसी आईं। इसके बाद महिला उम्मीदवारों को प्लास्टर बांधकर दवा दी गई। इसके बाद उन्हें घर वापस भेज दिया गया। हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन के चेयरमैन बीबी भारती ने बताया कि उनके इस तरह के हादसे की कोई जानकारी नहीं हैं।