सेक्टर-12/12-ए से 20/21 हाईवे के ऊपर बनेगा ओवरब्रिज
टेक्निकल एडवाइजर ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट परिवहन मंत्रालय को भेजी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-20/21 निवासियों की परेशानी दूर होने वाली है। सब कुछ ठीक रहा तो बहुत जल्द ही उन्हें शहर की तरफ आने के लिए जाम जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार की मंजूरी के बाद टेक्निकल एडवाइजर विशाल सेठ ने दोनों सेक्टरों के मध्य बनने वाले ओवरब्रिज की प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर मंजूरी के लिए परिवहन मंत्रालय को भेज दी है। जैसे ही फाइल पर परिवहन मंत्रालय की मुहर लगेगी ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने निर्माण कार्य संबंधित सभी तरह की आपत्तियों को दूर कर लिया है। टेक्निकल एडवाइजर विशाल सेठ ने बताया कि हरियाणा सरकार पहले ही इस प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान कर चुकी है। सेक्टर-12-12-ए और सेक्टर-20-21 के बीच बनने वाला ओवरब्रिज नेशनल हाईवे (कालका-शिमला) के ऊपर से होकर गुजरेगा। इसलिए इसकी मंजूरी के लिए फाइल को परिवहन मंत्रालय के पास भेजा गया है। जल्द ही मंजूरी की मुहर लग जाएगी। इसके बनने से अभी तक शहर से कटे हुए 20-21 समेत अन्य सेक्टर शहर से मिल जाएंगे। इसी के साथ दूसरी तरफ से शहर में आने वाले वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पैदल आने-जाने वालों के लिए भी एक प्रोजेक्ट तैयार किया
पैदल आने-जाने वालों के लिए भी एक प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। एनएच-22 दो फुट ओवरब्रिज, स्वाचालित सीढ़ियां, दो यू टर्न ओवरब्रिज के साथ बनेंगे। इसके निर्माण से बड़ी संख्या में पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नेशनल हाईवे-22 सेक्टर-20-21 को शहर से काट रहा है। लेकिन ओवरब्रिज के बनने से हाईवे की दूसरी तरफ के सभी सेक्टर शहर से मिल जाएंगे। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर स्थानीय विधायक व मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता की पैनी नजर है।