अंत्योदय सरल केंद्रों पर सभी विभाग देंगे सेवाएं, स्कीमों का लाभ : डा. राकेश गुप्ता
केंद्रों पर अपनी सेवाओं, स्कीमों का लाभ समय पर ना देने वाले विभागाध्यक्षों पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी प्रोजेक्ट के परियोजना निदेशक डा. राकेश गुप्ता ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पीएनडीटी एक्ट के क्रियान्वयन, आधुनिक जिला लाइब्रेरी बनाने तथा अंत्यादय सरल केंद्रों की प्रगति एवं सक्षम योजना की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश के अंत्योदय सरल केंद्रों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि उपायुक्त सुनिश्चित करें कि सभी विभागों की सेवाएं एवं स्कीमों व फार्मों को शामिल किया जाए। यदि कोई भी विभाग इस दिशा में कोताही बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी निकट भविष्य में की जाएगी। सरल में पोर्टल में ऐसा प्रावधान किया गया है कि यदि प्रार्थी के आवेदन पर राइट टू सर्विस एक्ट में निर्धारित अवधि के अंदर कार्रवाई नहीं होती तो प्रार्थी की तरफ एक अपील उच्च अधिकारी को चली जाएगी। इस पर उच्च अधिकारी को जुर्माना भी हो सकता है।
इस अवसर पर डीसीपी कमलदीप गोयल, एसडीएम पंकज सेतिया, कालका एसडीएम रिचा राठी, मुख्यमंत्री की सुशासन सहयोगी सरोज, डीआईओ सतपाल शर्मा, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता संजीव सिवाच, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग हरपाल सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।