कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर आज दौड़ेगा 113 साल पुराना स्टीम इंजन
इसे शिमला से कैथलीघाट के लिए चलाया जाएगा, दो कोच होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
कालका। भारतीय रेलवे हेरिटेज माह मना रहा है। इसी के मद्देनजर रेलवे भारत के सभी जगह जहां माउंटेन हिल रेलवे हैं वहां पर हेरिटेज रन का आयोजन किया जा रहा है। वहीं अंबाला डिवीजन भी शुक्रवार से यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट कालका-शिमला रेलवे पर विरासत कार्यक्रम मना रहा है। कालका-शिमला रेल ट्रैक पर शुक्रवार को हेरिटेज रन के तहत अंबाला डिवीजन 113 साल पुराना स्टीम लोकोमोटिव इंजन ‘केसी 520’ को चला रहा है।
यह शिमला से कैथलीघाट के लिए चलाया जाएगा, इसके साथ दो कोच भी शामिल होंगे जिसमें स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहेंगे। यह शिमला-कैथलीघाट के बीच सुबह 11.00 बजे चलेगा। ट्रेन में रेलवे अधिकारियों द्वारा स्कूली बच्चों को लोकोमोटिव, कोच और विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेलवे सेक्शन के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी, जोकि इस विरासत को संभालने व संरक्षण के लिए उनके बीच जागरूकता पैदा करेगा।
सीनियर डीसीएम हरि मोहन ने बताया कि रेलवे हेरिटेज माह मना रहा है जिसके अंतर्गत हेरिटेज रन का आयोजन किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को कालका-शिमला रेल सेक्शन पर अंबाला डिवीजन 113 साल पुराना स्टीम लोकोमोटिव इंजन दो कोच के साथ चलाएगा। इसमें स्कूली विद्यार्थी भी मौजूद रहेंगे।