जेबीटी एचटेट पास का उम्मीदवारों का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी
- रेगुलर जेबीटी भर्ती मुख्य मांग
- जेबीटी वेटिंग उम्मीदवार भी धरने पर डटे रहे
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। शिक्षा विभाग हरियाणा में जेबीटी के रिक्त पदों पर रेगुलर जेबीटी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर जेबीटी पात्रता परीक्षा उम्मीदवारों का आमरण अनशन सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जेबीटी अध्यापक पात्रता परीक्षा पास उम्मीदवार सरकार से भर्ती प्रक्रिया अविलम्ब शुरू करने की मांग कर रहे है।
जेबीटी एचटेट पास एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष राजेश पाल ने कहा कि सरकार द्वारा 2012 के बाद अभी तक रेगुलर जेबीटी भर्ती का कोई विज्ञापन नहीं निकाला गया है। हजारों पात्रता पास उम्मीदवारों के एचटेट पास सर्टिफिकेट पांच साल की वैधता अवधि एक मार्च 2019 को खत्म होने के कारण रद्दी के टुकड़े में तब्दील हो जाएंगे। सरकार ने एचटेट प्रमाणपत्र की वैधता की अवधि सिर्फ 5 साल ही निर्धारित की हुई है लेकिन पिछले 6 साल में नियमित जेबीटी भर्ती का कोई विज्ञापन ही जारी नहीं हुआ, ऐसे में बड़ी मेहनत से हासिल हजारों उम्मीदवारों के एचटेट प्रमाणपत्र अब अपनी वैधता अवधि पूरी होने से अमान्य होने की कगार पर है। हजारों उम्मीदवार बिना किसी भर्ती में आवेदन का मौका मिले ही ओवरएज होने की कगार पर पहुंच गये है और मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान है। उन्होंने कहा कि वह अपनी मांगों के पूरा होने तक पीछे नहीं हटेंगे और आंदोलन को तेज किया जाएगा।
जेबीटी वेटिंग कैंडिडेट्स भी डटे रहे धरने पर
सेक्टर-पांच स्थित धरना स्थल पर मांगें पूरी न होने पर जेबीटी उम्मीदवारों का धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी कायम रहा। धरने पर बैठे कैंडिडेट्स ने बताया कि सरकार ने 12731 जेबीटी में वेटिंग उम्मीदवारों को बार-बार आश्वासन देने के बाद भी नियुक्ति नहीं दी। 6 नवंबर को पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने यह कहकर धरना समाप्त करवाया था कि दीवाली के बाद आपकी नियुक्ति का कार्य शुरू कर दिया जाएगा लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी हमारी मांग नहीं मानी गई। मजबूरन हमें दोबारा धरना शुरू करना पड़ा और अगर सरकार ने हमारी मांगे नहीं मानी तो हम जल्द ही आमरण अनशन शुरू कर सकते हैं। पात्र अध्यापक संघ के प्रधान श्री राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि नियुक्ति के लिए जल्द ही अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी।