देश का 22वां एम्स रेवाड़ी के गांव मनेठी में बनेगा
- पंचकूला सेक्टर-2 स्थित भाजपा कार्यालय में अंबाला सांसद ने दी जानकारी
- स्वास्थ्य सेवाओं को लिए प्रदेशवासी नहीं होंगे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा देश का एक मात्र ऐसा प्रदेश है जिसमें केंद्र सरकार की ओर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए दो एम्स स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा अंबाला में कैंसर का अस्पताल भी उपलब्ध करवाया गया है। यह जानकारी भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं अंबाला के सांसद रतन लाल कटारिया ने दी। वह शनिवार को सेक्टर-2 स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि देश का 22 एम्स रेवाड़ी के गांव मनेठी में बनेगा। इसके बाद प्रदेश के नागरिकों की चिकित्सा सेवाओं में ओर ज्यादा इजाफा होगा। क्षेत्र के लोगों को एक और नायाब तोहफा मिला है जिसमें यमुनानगर वाया नारायणगढ़, साढ़ौरा-चंडीगढ़ नई रेल लाइन का निर्माण होगा।
कटारिया ने कहा कि यह बजट देश की विकास यात्रा को बढ़ाने वाला, निजीगत प्राथमिकताओं व असमानता के रोग को दूर करने वाला बजट दिया गया है। भाजपा ने पहली बार देश के रक्षा बजट में भारी बढ़ोत्तरी करते हुए 3 लाख करोड़ से अधिक करने का निर्णय लिया है। सांसद ने कहा कि सरकार की ओर से प्रदेश में किए गए अभूतपूर्व विकास के कारण जींद उपचुनाव में भी भाजपा उम्मीदवार की पहली बार जीत हुई है। इससे यह आभास हो गया है कि लोगों में भाजपा की कार्यप्रणाली में पूर्ण विश्वास है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, विशाल सेठ, वीरेन्द्र राणा, श्यामलाल बंसल, वीरेन्द्र गर्ग, संजय आहूजा, नवीन गर्ग भी मौजूद रहे।