सीएम की घोषणाओं को समय पर पूरा करें: खंडेलवाल
उपायुक्त मुकुल कुमार ने बताया कि 140 में से 40 पूरी, 44 पर कार्य जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा पर्यावरण, कला एवं सांस्कृतिक कार्य मामले, पुरातत्व एवं म्यूजियम विभाग अतिरिक्त प्रधान सचिव धीरा खंडेलवाल ने कहा कि अधिकारी सीएम घोषणाओं की विकास योजनाओं पर खर्च होने वाली राशि का पूरा विवरण शीघ्र भेजना सुनिश्चित करें। इसके अलावा जिन लंबित योजनाओं पर अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ उनकी तिथि निर्धारित कर सूचित करें।
अतिरिक्त प्रधान सचिव जिला सचिवालय के सभागार में सीएम घोषणाओं की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं में अधिकारी किसी तरह की लापरवाही न करें। इसके अलावा जिन लंबित घोषणाओं पर अभी तक कार्य आरंभ नहीं किया गया है उन पर कार्य शीघ्र आरंभ करवाएं। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत विभाग, वन, डेयरी विभाग, कृषि, नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, लेबर, लोक निर्माण भवन एवं सड़कें, मार्केटिंग बोर्ड, जनस्वास्थ्य विभागों की मुख्यमंत्री घोषणाओं की एक एक कर प्रत्येक कार्य की समीक्षा की और उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 140 घोषणाएं की जा चुकी हैं जिनमें से 40 पूरी की जा चुकी हैं तथा 44 पर कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 48 घोषणाएं लंबित हैं जिन पर अधिकांश में फरवरी माह में कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप ढांडा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एमएल गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।