दि मोरनी पैक्स प्रबंधक का चुनाव आज
मोरनी- दि मोरनी पैक्स प्रबंधक के पांच सीटों पर होने वाले चुनावों में वोट आज डाले जाएंगे। वोट डालने का समय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक रहेगा। जिसके लिए पैक्स के प्रबंधक द्वारा चुनाव की सभी तैयारियों को मुकम्मल कर लिया गया है। वोट पेटिका से लेकर निर्वाचन अधिकारियों तक की ड्यूटियां लगा दी गई है। मोरनी स्कूल में तीन बूथ बनाए गए हैं जिसमें नौ चुनाव पर्यवेक्षक शनिवार शाम ही मोरनी पहुुंच चुके हैं।
इस बार पैक्स के चुनावों को लेकर पैक्स के वोटरों से लेकर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में पूरा जोश देखने को मिल रहा है। पांच सीटों के लिए 15 पत्याशी मैदान में डटे हुए है जोकि अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए हर तरह से समीकरण बनाने में जुटे हुए है। पैक्स के एक- 2 वोटर से संपर्क बनाकर वोट डालने की अपील की जा रही है। वहीं जातिगत समीकरणों से लेकर भाईचारा बनाकर भी इस चुनावों को लड़ा जा रहा है। कई उम्मीदवारों ने अपने साथी उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन कर इन पांच सीटों के चुनावों को और ज्यादा रोचक बना दिया है। मोरनी पैक्स के सदस्यों का कहना है कि अब की बार पहला मौका है जब चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का उनके समर्थकों को कड़ी मशक्कत करते देखा गया है।