निकाय मंत्री ने दिखाई सामाजिक समरसता रैली को हरी झंडी
पंचकूला विधायक ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने श्री मनसा देवी मंदिर पंचकूला से प्रदेश में सामाजिक समरसता लाने के लिए जागरूक करने के लिए चलाई जा रही सामाजिक समरसता यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह से रूबरू होते हुए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि मातृभूमि से वरदान सदैव अमर करने के लिए सामाजिक समरसता लाने को चलाई यात्रा प्रदेश के अधिकांश जिलों का दौरा कर लोगों में चेतना लाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इंडियन मीडिया सेंटर हरियाणा द्वारा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक समरसता जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता हमेशा से ही समाज एक महत्वपूर्ण अंग रही है । सामाजिक समरसता एक ऐसा विषय है जिसकी चर्चा करना और इसे ठीक प्रकार से कार्यान्वित करना आज समाज एवं राष्ट्र की मूलभूत आवश्यकता है। इसके लिए हमें सबसे पहले सामाजिक समरसता के अर्थ को अच्छे से जानना जरूरी है।
पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि किसी भी राज्य के संपूर्ण विकास का मापन राज्य के वंचित पीड़ितों के विकास के आधार पर होता है। हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां पर जयंतियों को सरकारी तौर पर मनाया जाता है।
इस मौके पर श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक एस पी अरोड़ा, बोर्ड की गैर सरकारी सदस्य शारदा प्रजापति, नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी जनरैल सिंह, इंडियन मीडिया सेंटर हरियाणा के महासचिव नरेन्द्र सिंह संयोजक जंगशेर राणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।