पार्टियों ने अग्रवाल समाज को टिकट नहीं दी तो वोट नहीं
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की हुई बैठक
व्यापारियों को पेंशन लगाने, अग्रोहा में टीले की खुदाई की मांग उठी
जातिगत आरक्षण खत्म करके आर्थिक आधार पर मांगा आरक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। अग्रवाल समाज राजनीति में अपनी पकड़ बनाने के लिए एकजुट होने लगा है। समाज के प्रतिनिधियों ने राजनीतिक दलों को स्पष्ट कर दिया है कि यदि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में समाज के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला तो पार्टियों को वोट नहीं देंगे। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल की अध्यक्षता में वीरवार को एक प्रेसवार्ता हुई। इसमें समाज के प्रतिनिधियों में एकमत होकर कहा कि सभी पार्टियां वोट और नोट लेने के लिए आ जाती हैं लेकिन उनकी आवाज कोई नहीं उठाता।
व्यापारी वर्ग पिछले कई सालों से परेशान है। कुलभूषण गोयल ने बताया कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पंचकूला की ओर से हरियाणा स्टेट एग्जीक्यूटिव कमेटी बैठक का आयोजन 6 जनवरी को पंचकूला अमरावती एनक्लेव में होगा। बैठक में पूरे हरियाणा से पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य हिस्सा लेंगे। इसमें मुख्य तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग पहुंचेंगे। बैठक में अग्रवाल समुदाय ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज, अग्रोहा शक्ति शक्ति पीठ के विकास एवं अग्रवाल समुदाय के राजनीति में भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा होगी।
बैठक सुबह साढ़े 10 से दोपहर ढाई बजे तक चलेगी। अग्रोहा में टीले की खुदाई की जाए, ताकि 5142 साल पुरानी अग्रवालों के इतिहास की जानकारी लोगों को मिल सके। शादी विवाहों में फिजूल खर्ची रोकने के लिए एक मुहिम छेड़ी जाएगी और दहेज प्रथा को रोकने पर भी चर्चा होगी। अग्रोहा के विकास के लिए सबडिवीजन बनाने की मांग की थी, जोकि अभी तक पंचायत स्तर पर चल रहा है।
इस अवसर पर सम्मेलन के इंटेलेक्चुअल फोरम के प्रधान डॉ. नरेश मित्तल, उद्योग सेल के संयोजक विजय बंसल, सत अग्रवाल, जिला महासचिव कुसुम गुप्ता, संगठन सचिव तरसेम गर्ग, सुरिंद्र बंसल, युवा प्रधान प्रवीण गोयल, प्रेस सचिव सत्यनारायण गुप्ता, दिपांशु बंसल, अशोक जिंदल उपस्थित रहे।