शराब ठेका बंद कराने के लिए धरना
बरनाला-मानसा रोड पर अस्पताल के नजदीक चल रहा है ठेका
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। कस्बा रूडेके कलां में बरनाला-मानसा रोड पर अस्पताल के नजदीक चल रहे शराब के ठेके को बंद करवाने बुधवार को लोगों ने धरना दिया। ठेके के समक्ष लगे धरने के दौरान भारतीय किसान यूनियन, क्लबों व गांव रूड़ेके कलां निवासियों दूसरे दिन भी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रशासन की तरफ से कोई भी अधिकारी धरने में बैठे लोगों की बात सुनने नहीं आया।
बस स्टैंड मार्केट के दुकानदारों ने रोष के तौर पर अपनी दुकानों बंद रख कर धरने में शामिल हुए। पंजाब किसान यूनियन के जिला सचिव मोहन सिंह, भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल के सुखविंदर सिंह व हरचरन सिंह ने कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से शराब का ठेका स्कूल व अस्पताल के नजदीक चल रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि 24 घंटे में प्रशासन ने ठेकेदारों खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की व चल रहे अवैध ठेके को यहां से तबदील नहीं किया तो संघर्ष को ओर तेज किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस अवसर पर प्रधान नाजर सिंह, तेजा सिंह, गुरतेज सिंह प्रधान, गुरप्रीत सिंह रुड़ेके, नछत्तर सिंह, गुरप्रीत सिंह के अलावा गांव निवासी उपस्थित थे। इस संबंधी थाना रूड़ेके कलां के प्रभारी कमलजीत सिंह गिल ने कहा कि शराब के ठेकेदारों को बुलाकर वह जल्द इस समस्या का समाधान करवाएंगें।