25 क्विंटल जमीन में दबाया, 11 क्विंटल दीवाली के बाद
36 क्विंटल खोया, पनीर, घी व मिल्क केक के सैंपल फेल
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से पिछले दिनों शहर की विभिन्न दुकानों से लिए गए करीब 36 क्विंटल दूध निर्मित वस्तुओं के सैम्पल फेल पाए गए। जिस पर विभाग ने 25 क्विंटल नकली पनीर, खोया, मिल्क केक व अन्य सामग्री ट्राली में भरवाकर कचरे के डिपो में डंप करवा दी, जबकि करीब 11 क्विंटल नकली माल दीवाली के बाद नष्ट किया जाएगा। जिसे विभाग ने पहले ही सील किया हुआ है। नकली खाद्य पदार्थ नष्ट कराते समय खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक कमिश्नर कमलजीत सिंह तथा मैडम गगनदीप कौर विशेष तौर पर उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पूर्व विभाग के अधिकारियों ने कई स्थानों पर छापेमारी करते हुए आनंद नगरी में बीकानेर निवासी मनीराम के गोदाम से 126 टीन खोया तथा जम्मूबस्ती में घेवर नामक व्यक्ति के घर से 3 क्विंटल मिल्क केक के सैंपल लेकर माल को सीज किया था। इसके अलावा नई आबादी स्थित भारत किंग डेयरी से पनीर, खोया, दही व घी के सैंपल लेकर करीब 362 किलोग्राम पनीर, 480 किलोग्राम दही, 60 किलो खोया व 20 किलो घी सील किया था। इन सभी सैंपलों की रिपोर्ट फेल आने पर रविवार कंवलजीत सिंह ने पुलिस की मदद से भारत किंग डेयरी से नकली खोया, पनीर, घी, मिल्क केक व दही आदि ट्रैक्टर-ट्राली में भरवाया तथा इंदिरा नगरी के कचरा डंप के पास जेसीबी की मदद से जमीन में दबा दिया। कमलजीत सिंह ने बताया 126 टीन नकली खोए का गोदाम पूरी तरह से सील है जिसे दीवाली के बाद नष्ट किया जाएगा।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 और 2 भेजी जा रही है।