अबोहर में जल्द शुरू होगा इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक
जीरो बैलेंस पर पेपरलेस खाता खोलकर कर सकेंगे एक लाख तक का लेनदेन
खाता खुलवाने के लिए आधार नंबर और बायोमेट्रिक साइन देना आवश्यक
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। डाक विभाग शीघ्र ही बैंकिंग क्षेत्र में कदम रखते हुए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक खोलने जा रहा है। जिसके तहत ही कोई भी व्यक्ति जीरो बैलेंस पर पेपरलेस खाता खुलवाकर उसमें एक लाख रुपये तक का लेनदेन कर सकता है। इस बैंक का जिला मुख्यालय अबोहर में होगा और शाखा फाजिल्का में शुरू होगी।
मुख्य डाकघर के पोस्ट मास्टर सुरेन्द्र जुनेजा ने बताया कि इस बैंक की सारी प्रक्रिया दूसरी बैंकों जैसी ही होगी लेकिन ग्राहकों को लोन की सुविधा मुहैया नहीं करवाएगा। उन्होंने बताया कि इस बैंक में जीरो बैलेंस पर बचत खाते खुलवाकर उसमें 1 लाख रुपए तक की सेविंग कर सकते हैं। इसके साथ ही इस बैंक का सारा प्रोसेस पेपरलेस होगा और पासबुक के बजाए क्यू कार्ड जारी किया जाएगा। क्यू कार्ड से ही पैसों का लेनदेन होगा। खाता खुलवाने के लिए ग्राहक का आधार नंबर और बायोमेट्रिक साइन यानी मशीन पर अंगूठा लगाना होगा। अबोहर के मेन डाकघर में शुरू वाले जिला स्तरीय इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। इस बैंक में आरटीजीएस और निफ्ट की सुविधा भी होगी। बैंक के शुभारंभ के बारे में जुनेजा ने बताया कि 21 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसकी शुरूआत करनी थी। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद घोषित किए गए 7 दिन के राष्ट्रीय शोक के कारण इसके शुभारंभ की तारीख आगे बढ़ गई है।